एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच आज रविवार को फाइनल मैच होने जा रहा है। मेरठ के होटल व रेस्टोरेंट में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाए जाने की तैयारी की गई है। कई जगह रेस्टोरेंट और बार में विशेष ऑफर भी दिए जाएंगे। वहीं क्रिकेट प्रेमियों ने रविवार होने के चलते अपने-अपने हिसाब से मैच देखने की तैयारी की है।
एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच होने जा रहा है। गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में रेस्टोरेंट और बार में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाया जाएगा। इसके अलावा होटल क्रोम, मार्स, ब्रैवरा समेत तमाम छोटे-बड़े होटलों में स्क्रीन लगाकर मैच दिखाया जाएगा। मैच को लेकर सभी होटलों में तैयारी की गई है। कई होटलों में तो बार और रेस्टोरेंट में विशेष ऑफर भी दिए जाएंगे।
गांव और शहर में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की तैयारी
क्रिकेट कोच दीपक सिद्धू और क्रिकेट कोच उमेश ने बताया कि उनकी ओर से अपने-अपने गांव में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखा जाएगा। दीपक ने बताया कि उनकी ओर से गांव शोलदा में हॉल में स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां गांव के अधिकांश युवा एक साथ मैच देखेंगे। उमेश ने भी परतापुर स्थित गांव में मैच का भव्य आयोजन करने की तैयारी की है। इसके अलावा रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण सभी अपने घरों में मैच का लुत्फ उठाएंगे। शहर के कई चौराहों पर चाय की दुकान व अन्य स्थानों पर बड़ी स्क्रीन पर मैच का आनंद लेते लोग नजर आएंगे।