विकास खंड सरूरपुर के गांव कालंद के सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन युवकों ने स्कूल के पेयजल स्थल, शौचालय, कक्षाओं और परिसर के पिछले हिस्से की स्थिति दिखाई थी। 15 अगस्त को बनाए गए वीडियो में युवक स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए नजर आ रहे रहे हैं।
करीब एक मिनट 20 सेकेंड के वीडियो में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पेयजल स्थल और शौचालयों की स्थिति दिखाने के साथ कक्षाओं में गंदगी और जाले होने की बात बताते हैं। स्कूल के पिछले हिस्से को दिखाते हुए वहां झाड़ियां और उनमें सांप होने की बात कहते हैं।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा स्कूल सरधना थाना क्षेत्र के कालंद गांव का उच्च प्राथमिक विद्यालय है। ये विद्यालय करीब 30 वर्ष पुराना है और इसमें करीब 104 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
एक युवक को थाने बुलाया
पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों में से एक की पहचान सरधना निवासी अधिवक्ता संयम पांचाल के रूप में की और उन्हें सरधना थाने बुला लिया। पुलिस ने संयम से पूछता की। उन्होंने बताया कि यह वीडियो उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर बनाया। वीडियो बनाने का मकसद बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था दिलाना है। उनका अपना कोई निजी हित इसमें नहीं है।
पिता जितेंद्र पांचाल ने फेसबुक आईडी पर की अपलोड
संयम पांचाल ने बताया कि वीडियो उसके पिता जितेंद्र पांचाल के फेसबुक अकाउंट से अपलोड की है। इसके बाद अन्य लोगों ने इसे शेयर कर दिया, जिससे ये वायरल हो गई।
ये बोले सीओ
सीओ अशुतोष कुमार का कहना है कि शिक्षा विभाग की तहरीर पर आरोपी युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
शीबा हत्याकांड: पांच बेटियां होने पर सादिक ने की दूसरी शादी, बेटा होने पर तलाक देकर मार दी पत्नी; पूरी कहानी