परतापुर थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित शराब के ठेके के अंदर बनी कैंटीन में बुधवार रात शराब पीने के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों ओर से डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। मारपीट और पथराव से दिल्ली रोड पर भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दिल्ली रोड पर विद्यापीठ इंटर कालेज के सामने बीयर और शराब की मॉडल शॉप है। उसी के अंदर कैंटीन बनी हुई है। बुधवार रात कैंटीन के अंदर कुछ लोग शराब पी रहे थे। उसी दौरान युवकों में आपस में कहासुनी हो गई। मामला बढ़ा तो दोनों पक्षों ने फोन कर अपने-अपने साथियों को बुला लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों में डंडे चले। लड़ते हुए दोनों पक्ष कैंटीन के बाहर दिल्ली रोड पर आ गए। इसके बाद जमकर पथराव हुआ। मारपीट में कई युवक घायल हो गए। रोड से गुजरते वाहनों पर जब पत्थर जाकर लगे तो भगदड़ मच गई। घटना को देखकर कई वाहन चालकों ने अपने वाहन वापस मोड़ लिए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक भागने लगे। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि तीन युवकों पर कार्रवाई की गई है। कैंटीन की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।