पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश और पड़े ओले
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार शाम को तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश में जमकर ओले पड़े। ओलावृष्टि से शहर की सड़कें बर्फ की चादर बन गईं। कुछ देर के लिए सड़कों पर केवल ओले ही नजर आए। ओलावृष्टि के बाद अचानक ठंड बढ़ गई है। सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे और कई बार बारिश हुई।
वहीं मुजफ्फरनगर में गुरुवार को सुबह से ही आकाश में काले बादल छाए रहे और बारिश शुरू हो गई। दोपहर में मौसम थोड़ा सा खुला, लेकिन ठंडी हवाओं का चलना जारी रहा। शाम तक आकाश में घने काले बादल फिर से छा गए और देर शाम साढ़े सात बजे से तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद ओलावृष्टि शुरू हो गई। मोटे-मोटे ओले पड़े। लगातार दस मिनट तक ओले पड़ते रहे। ओलावृष्टि जब रुकी तो सड़कें सफेद बर्फ बन चुकी थीं। ओलावृष्टि को यहां गेहूं और अन्य फसलों के लिए नुकसानदायक बताया जा रहा है।