मोहकमपुर में चला रहे थे फर्जी पुलिस कार्यालय
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल पाल और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के कुल पांच सदस्य हैं।
गिरोह इंस्टाग्राम के जरिए युवकों से संपर्क करता था। उन्हें बहाने से बुलाकर खुद को पुलिस अधिकारी बताता और फिर अपहरण कर मोहकमपुर स्थित फर्जी कार्यालय में ले जाता था। वहां फर्जी एफआईआर और पुलिस दस्तावेज दिखाकर पीड़ितों को डराया जाता था और उनसे रंगदारी वसूली जाती थी।
मेरठ में पकड़ी फर्जी पुलिस चौकी, दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
कार, वॉकी-टॉकी, लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की सफेद मारुति ऑल्टो कार, एक नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन, टेलीफोन, लैपटॉप, टैबलेट और कैलकुलेटर बरामद किए हैं।
इसके अलावा एक वॉकी-टॉकी, फोन-पे रिसीवर बॉक्स, बेंत, बीट बुक, फर्जी मोहर, नेम प्लेट तथा विभिन्न प्रार्थना पत्र और फाइलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।