खोपड़ी में धंसे थे करीब 200 छर्रे
चिकित्सकों के अनुसार शौर्य के सिर और शरीर में बड़ी संख्या में छर्रे धंस गए थे। कई घंटे तक चले जटिल शल्य उपचार के दौरान अब तक लगभग 150 छर्रे निकाले जा चुके हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ छर्रे शरीर के ऐसे हिस्सों में फंसे हैं, जहां उन्हें निकालना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए वे शरीर में ही रह सकते हैं।
दोनों आंखें गंवानी पड़ीं
गोली लगने से शौर्य की आंखों को गंभीर क्षति पहुंची थी। चिकित्सकों के मुताबिक चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी दोनों आंखें निकालनी पड़ीं। इसके चलते वह अब हमेशा के लिए दृष्टिहीन हो गया है। हालांकि चिकित्सक उसकी जान बचाने के लिए लगातार उपचार कर रहे हैं और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आरोपी जेल भेजा गया
करन पुरी फाउंडेशन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शमी उर्फ सानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फाउंडेशन से जुड़ी दिव्या पुरी ने कहा कि यह घटना पशुओं के प्रति बढ़ती क्रूरता का गंभीर उदाहरण है। वहीं पशु कल्याण कार्यकर्ता प्रिय चोपड़ा ने कहा कि बेजुबान जानवरों के खिलाफ हिंसा को गंभीर अपराध मानते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पशु क्रूरता पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद पशु संरक्षण और पशु अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है। पशु प्रेमियों का कहना है कि ऐसे मामलों में कठोर दंड और प्रभावी कानूनों का सख्ती से पालन जरूरी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।