1८एमएनपी-२१-प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय बालिका क्रिकेट के अंडर-17 वर्ग में जीत के बाद कप के साथ
मैनपुरी। शहर में खेली जा रही प्रदेशीय माध्यमिक बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता के दोनों वर्ग के विजेता कप पर मेरठ मंडल ने कब्जा कर लिया। अंडर-17 वर्ग में मेरठ ने गोरखपुर को 18 रन से हराया। अंडर-19 में मेरठ की बालिकाओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ मंडल को 51 रनों से पराजित किया।
सोमवार को सुबह प्रथम पाली में श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के मैदान पर अंडर-17 वर्ग का फाइनल मुकाबला मेरठ और गोरखपुर के बीच खेला गया। मेरठ ने पहले खेलते हुए 91 रन बनाए। गोरखपुर की टीम निर्धारित ओवर में 73 रन ही बना सकी। मेरठ ने यह मुकाबला 18 रन से जीत लिया। फाइनल मुकाबले का प्लेयर ऑफ द मैच मेरठ की उन्नति सैनी को घोषित किया गया। उन्नति सैनी को इस ग्रुप में बेस्ट बॉलर के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। इस ग्रुप में मेरठ की तुलसी गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज घोषित किया गया।
अंडर-19 वर्ग का फाइनल मुकाबला श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के मैदान पर दोपहर 12 बजे से खेला गया। इसमें मेरठ ने पहले खेलते हुए शानदार प्रदर्शन के साथ 132 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलीगढ़ की टीम मात्र 81 रन ही बना सकी। मेरठ ने यह मुकाबला 51 रन से जीतकर विजेता कप अपने नाम कर लिया। मेरठ की किंजल चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। संवाद