टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिव कुंज कॉलोनी निवासी नवनीत दूहन ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि एक वर्ष पूर्व सेना से नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह अपनी पत्नी ममता के साथ मकान में रहते हैं। दूसरी मंजिल पर इटावा निवासी अश्वनी कुमार अपने पिता सुरेंद्र सिंह, पत्नी रुचि व बेटा तेजस्वी व बेटी तेजस्वनी के साथ लगभग दो साल से किराए पर रह रहे हैं।
नवनीत ने बताया कि मकान के निचले हिस्से में गोदाम बना रखा है। गोदाम को सोनू और मोनू ने किराए पर ले रखा है। इसमें उन्होंने आर्टिफिशएल फूलों का काम कर रखा था। सोमवार देर रात करीब एक बजे एक बाइक सवार दो युवक उनके मकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने गोदाम में ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर आग लगा दी थी। मकान मालिक व दूसरी मंजिल पर रह रहे किराएदार ने छत से कूदकर जान बचाई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपी टीपीनगर निवासी हर्ष उर्फ हनी व अभिनव वर्मा को पकड़ लिया। सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि आरोपियों से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दो हजार रुपये का विवाद प्रकाश में आया है।
मकान को देखकर दंपती के निकले आंसू
आग लगने से मकान के लिंटर में भी दरार आ गई है। मकान के अंदर का नजारा देखकर पीड़ित दंपती की आंखों में आंसू आ गए। आग के कारण घर में खड़े वाहन समेत अन्य कीमती सामान जल गया। पीड़ित दंपती ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि घर जलने से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
ये भी देखें...
मेरठ: जेल में नशे की 600 गोलियां ले जाते युवक को गेट पर पकड़ा, पूछताछ में बताई हैरान करने वाली बात