जर्जर भवन ढहा, मौके पर पहुंचे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के रोहटा क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच किसान इंटर कॉलेज, रसूलपुर मढ़ी का एक जर्जर भवन भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय भवन खाली था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि विद्यालय के अन्य भवनों की हालत भी जर्जर बताई जा रही है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बारिश के बीच भरभराकर गिरा भवन
लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो चुका विद्यालय का एक भवन अचानक ढह गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विद्यालय की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा विद्यालय संचालन के दौरान होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
यह भी पढ़ें: कलेक्ट्रेट पर हंगामा: वकील के बोलते ही भड़के SSP, बंदी वाहन में वकील पर बरसाए थप्पड़, पांच हिरासत में लिए
13 साल से मरम्मत नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 13 वर्षों से विद्यालय भवनों की मरम्मत और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते अधिकांश भवन जर्जर हो चुके हैं और उनमें पढ़ाई कराना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
तकनीकी जांच और नए भवन की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर विद्यालय भवनों की तकनीकी जांच कराने, जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने और आवश्यकता पड़ने पर नए भवन का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहेगा।