फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime Report: उधार के पैसे मांगने पर युवकों ने मां-बेटे को पीटा, नौकरी लगवाने के नाम पर 8 लाख ठगे

Thu, 07 Dec 2023 03:32 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

भावनपुर के अब्दुल्लापुर गांव में उधार के पैसे मांगने पर एक समुदाय के युवकों ने परचून की दुकान करने वाले मां-बेटे से मारपीट कर दी। दोनों बुरी तरह घायल हो गए। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। भावनपुर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन


भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव निवासी अनुसूचित जाति का आशीष पुत्र श्यामलाल परचून की दुकान करता है। बुधवार को उसकी दुकान पर गांव के दानिश, परवेज पुत्रगण आजाद सामान खरीदने आए थे। आशीष की मां सरोज ने पहले उधार लिए हुए सामान के पैसे मांगे तो आरोप है कि दोनों ने गाली गलौज शुरू कर दी। इसी बीच परवेज के चाचा दिलशाद भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने जातिसूचक शब्द बोलते हुए आशीष और सरोज के साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मामले की जानकारी पर पुलिस गांव पहुंची तो आरोपी हाथ नहीं लगे। पुलिस ने आशीष और सरोज को उपचार के लिए भिजवाया। भावनपुर थाना प्रभारी ट्रेनी सीओ नितिन तनेजा ने बताया कि एक आरोपी दिलशाद को हिरासत में लिया गया है, तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी नितिन तनेजा ने बताया कि अगर कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

दुकानदार ने युवती से की छेड़छाड़ 
लिसाड़ीगेट गेट के प्रह्लादनगर में बुधवार रात दुकान पर सुई धागा लेने पहुंची युवती से दुकानदार ने छेड़छाड़ कर दी। आरोप है उसे पिंड खजूर खिलाने की कोशिश भी की। युवती के शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मोहसिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ अमित कुमार राय का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नाले में गिरकर ढाई वर्षीय मासूम घायल

सरधना थानाक्षेत्र के मोहल्ला घोसियान में घर के बाहर खेलते समय एक बच्चा नाले में गिरकर घायल हो गया। परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने नगर पालिका कार्यालय में हंगामा किया। मौजूद लोगों ने जल्द नाले को ढकने की मांग की है।  

बुधवार को मोहल्ला घोसियान निवासी ढाई वर्षीय हमजा पुत्र सुहेल घर के बाहर खेल रहा था। वह घर सामने से गुजर रहे नाले में गिर गया। परिजनों ने बच्चे की तलाश की तो वह नाले में पड़ा मिला। परिजनों ने बेहोशी की हालत में बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

हस्तिनापुर में हत्या के दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव लुकाधड़ी में अंकित चौहान की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में परिजनों ने गांव के ही सैनी पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें पुलिस अभी तक दो आरोपियों को ही गिरफ्तार कर सकी है। दो आरोपी अभी फरार हैं। रविवार को हत्या के बाद परिजनों ने थाने पर शव रखकर थाना पुलिस के खिलाफ हंगामा धरना प्रदर्शन किया था। उसके बाद सोमवार को  गांव में शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर संस्कार कराया था।

घर के बाहर हुड़दंग करने पर पथराव

आमिर गार्डन काॅलोनी में घर के बाहर हुड़दंग करने पर पड़ोसी आसिफ, शाहिद व अन्य तीन युवकों के बीच मारपीट हो गई। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव हो गया। इसमें चार लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक आमिर गार्डन में बुधवार को सलाउद्दीन अपने मकान के बाहर खड़ा था। वहां आसिफ, शाहिद ने गाली गलौच शुरू कर दी। सलाउद्दीन के विरोध करने पर विवाद हो गया। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि मारपीट का केस दर्ज किया कर लिया है। 

सड़क हादसे में घायल वृद्धा ने तोड़ा दम
किठौर में 20 दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल वृद्धा की दिल्ली सैन्य अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के बेटे ने थाने में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थानांतर्गत सादुल्लापुर लोधी निवासी सचिन पुत्र गजराज ने बताया कि बीते 18 नवंबर को वह अपनी माता उर्मिला देवी को बाइक पर लेकर मेरठ जा रहा था। गांव हसनपुर कलां के निकट पहुंचने पर पीछे से आए अज्ञात वाहन चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मां उर्मिला सड़क पर गिर गई और उस पर पहिया चढ़ गया। हादसे के दौरान चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सचिन ने घायल मां को मेरठ के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया। नाजुक स्थिति के चलते डाक्टरों ने उन्हें बेस हास्पिटल दिल्ली रेफर कर दिया। जहां 24 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़ित ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत 
रोहटा में बाइक पर अपने नाना को बाइक पर बैठाकर दवाई दिलवाने जा रहे रोहटा निवासी युवक को सामने से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा गढ़ रोड पर नई सड़क के पास हुआ। घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं मयंक के नाना घायल हो गए।

गांव रोहटा निवासी वीरसैन के ससुर बहुत दिनों से बीमार चल रहे हैं। उनका इलाज मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा है। वीरसैन का बेटा मयंक (20) मंगलवार की शाम करीब चार बजे अपने नाना को दवाई दिलाने के लिए बाइक पर सवार होकर मेरठ के लिए चला था। 

बताया गया कि मयंक जब मेरठ-गढ रोड पर नई सड़क के पास पहुंचा तो सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मयंक की मौत हो गई और उसके नाना घायल हो गए। 

पैसा मांगने पर युवक को पीटा, धमकी दी
मवाना थानाक्षेत्र में गांव दुर्वेशपुर निवासी अरुण कुमार ने इकला रसूलपुर निवासी दो युवकों पर पैसे मांगने के नाम पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने दुबई में नौकरी लगाने के नाम पर उससे पैसे लिए थे। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 
विज्ञापन

प्रेमी युगल को लेकर टैक्सी चालक पहुंचा मवाना थाना
मवाना में मंगलवार देर रात एक टैक्सी चालक प्रेमी युगल को लेकर मवाना थाने पहुंचा। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी युवक खतौली थाने से लड़की को लेकर भागा है। इस पर खतौली पुलिस को बुलाकर युवक-युवती को उनके सुपुर्द कर दिया। 

बताया गया है कि राजस्थान के हितेष नाम के युवक का खतौली के गांव गदनपुरा निवासी युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हितेश बीती रात कैब लेकर गदनपुरा गांव पहुंचा तथा वहां से लड़की को कैब में बैठाकर भगाकर ले जा रहा था।

जैसे ही लड़की को भगाकर ले जाने का आभास कैब चालक को हुआ तो कैब चालक हितेष व लड़की को लेकर मवाना थाने पहुंच गया तथा पूरी घटना से थाना पुलिस को अवगत कराया। इंस्पेक्टर क्राइम रामबीर सिंह ने बताया कि मामला खतौली थाना पुलिस क्षेत्र का था। खतौली पुलिस को बुलाकर दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें