मूक बधिर किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म, आरोपी पकड़ा
मेरठ परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मूक बधिर किशोरी से पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। घटना के समय किशोरी के परिजन चाचा के बीमार होने की वजह से अस्पताल में गए थे। सोमवार को परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे पकड़ लिया है।
परतापुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक विपिन के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी को बयान के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। किशोरी के परिजनों ने बताया कि 26 अक्तूबर को वे उसके चाचा को देखने के लिए अस्पताल गए थे। वहां पर चाचा की मौत हो गई। इसके चलते परिजन वहीं रुक गए। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विपिन ने किशोरी से दुष्कर्म किया। परिजन पहुंचे तो उन्होंने विपिन को पकड़ लिया। पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी के चाचा की मौत की वजह से परिजन अंतिम संस्कार में लग गए, जिसकी वजह से तब उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी।
पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान करके छोड़ दिया। विपिन गांव पहुंचा तो परिजनों को उसके छोड़े जाने की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने परतापुर थाने पहुंचकर हंगामा किया। सोमवार को पुलिस ने विपिन के खिलाफ किशोरी से दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली। परतापुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है, किशोरी के कोर्ट में बयान कराए जाएंगे।