फरार बंदी का नहीं कोई सुराग, दीवान समेत पांच निलंबित
मेरठ में तारीख पर गए आंवला के कैदी के फरार होने पर एसएसपी बरेली ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मेरठ के एसएसपी की जांच रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई है।
आंवला के फूटा दरवाजा निवासी काले पुत्र आबिद एनडीपीएस एक्ट के मामले में बरेली जिला जेल में बंद था। तबीयत खराब होने पर उसे मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए रेफर किया गया था। वहां से वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर सोमवार सुबह आठ बजे हथकड़ी खोलकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। वहां की पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके काले की तलाश में दबिश दे रही है। एक टीम बरेली भी भेजी गई है।
मेरठ एसएसपी की रिपोर्ट पर बरेली पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल खेम सिंह, कांस्टेबल युसुफ, राहुल कुमार, आकाश व सुधांशु यादव को एसएसपी बरेली सुशील चंद्रभान ने निलंबित कर दिया। नौ सितंबर को ये लोग बंदी को लेकर रवाना हुए थे। इसके बाद इन्होंने बंदी काले की अभिरक्षा में घोर लापरवाही बरती। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।
नाश्ता बनाने को लेकर विवाद के बाद महिला जली, पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लिया
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पाबलीखास में मंगलवार सुबह नाश्ता बनाने को लेकर दंपती में विवाद हो गया। इसके बाद महिला संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। परिजनों ने पानी डालकर आग बुझाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया।
पाबली खास निवासी कमल की शादी दो साल पूर्व सोनम से हुई थी। शादी के बाद सोनम ने दो जुड़वां बेटियों को जन्म दिया था। आरोप है कि बेटी के पैदा होने के बाद से ही ससुराल वाले ताना देने लगे, जिसको लेकर आए दिन गृहक्लेश होता था। सोमवार सुबह नाश्ता बनाने को लेकर पति-पत्नी में जमकर कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। महिला आग की लपटों में घिरी हुई थी।
ग्रामीणों ने परिजनों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान महिला का पति भी झुलस गया। सूचना पर डायल 112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला लगभग 40 प्रतिशत झुलस चुकी है। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी पति कमल वह महिला के ससुर को हिरासत मे ले लिया। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। महिला के पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दुष्कर्म पीड़िता ने एसएसपी से की पुलिस की शिकायत
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता के साथ उसके देवर ने दुष्कर्म किया। जब इसकी शिकायत पीड़िता ने पति से की तो उसने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
इस मामले में लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुकदमा तो किया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही। पीड़िता ने मंगलवार को एसएसपी से आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हाथ-सिर कटे शव की नहीं हुई पहचान
दौराला थानाक्षेत्र के पबरसा मार्ग पर नाले में मिला सिर व हाथ कटे शव की पहचान नहीं हो सकी है। अब शव की पहचान को लेकर पुलिस हाईवे पर वाहन चालकों को पैंफलेट बांटेगी और सोशल मीडिया का भी सहारा लेगी।
पबरसा मार्ग पर तीन दिन पहले नाले में एक युवक का सिर और हाथ कटा शव मिला था। शव पहचान के लिए पुलिस ने सोमवार को दूसरे जिलों के थानों को सूचित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान कराने के लिए प्रयास जारी हैं।
मामूली कहासुनी पर युवक को लाठी-डंडों से पीटा
सरधना के गांव मंढियाई में सोमवार की रात मामूली कहासुनी पर दबंगों ने एक युवक पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात मंढियाई गांव में बिजली के तार टूटने पर लाइनमैन तार जोड़ रहा था। इस बीच वहां मौजूद राकिब पुत्र नफीस की दबंग लोगों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि दबंगों ने पीछे से उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर तुरंत सीएचसी पहुंचे। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित के परिजनों ने थाने में नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दो हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस इन्हें रोकना तो दूर लंबी तफ्तीश के बाद भी इन घटनाओं का खुलासा नहीं कर पाई है।
20 जून को थाना क्षेत्र के गांव बस्तोरा नारंग में घर में सो रहे मनजीत(18) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसओजी सर्विलांस टीम का भी सहारा लिया गया। लेकिन ढाई माह बाद भी पुलिस गुत्थी को नहीं सुलझा सकी।
गांव नंगला चांद में 2 सितंबर को घर में मौजूद बुजुर्ग(70) की हत्या कर दी गई थी। पिछले करीब दस दिनों में भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई। उधर, मवाना थाना क्षेत्र में बदमाश 15 लाख रुपये की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे, जिसका साढ़े तीन माह बाद खुलासा किया गया है।