बैंक कैशियर पर धोखाधड़ी के केस में कार्रवाई पर रोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक बैंक कैशियर पर धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में दर्ज मुकदमे की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार से चार सप्ताह में जवाब मांगा है। बैंक कैशियर का नाम पुलिस की विवेचना में प्रकाश में आया था। यह आदेश न्यायमूर्ति दीपक वर्मा ने उमंग शर्मा की याचिका पर दिया। मेरठ निवासी संध्या रानी की शादी कल्याण नगर गढ़ रोड के सौरभ गोयल संग हुई थी।
विवाद होने पर संध्या ने पति व बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मेडिकल काॅलेज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया कि बैंक कर्मियों ने उनके पति संग मिलीभगत कर संयुक्त खाते से रुपये निकाल लिए। आरोपी बैंक कैशियर ने चार्जशीट को हाईकोर्ट में चुनौती दी। याची अधिवक्ता सुनील चौधरी ने दलील दी कि बैंक ने गाइडलाइन के अनुसार ही चेक का भुगतान किया था।
मामले में पत्नी ने मुकदमा अपने पति सौरभ गोयल, ब्रांच मैनेजर व पूर्व मैनेजर के विरुद्ध दर्ज कराया है। पुलिस ने चार्जशीट में एफएसएल रिपोर्ट लगाई है। उसमें चेक पर मौजूद पत्नी के हस्ताक्षर मिलान नहीं कर रहे। इसी आधार पर धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेज से रुपये हड़पने के आरोप में चार्जशीट लगाई गई।
ब्रह्मपुरी में तांत्रिक क्रिया के नाम पर 50 हजार की ठगी
ब्रह्मपुरी की महिला ने एक तांत्रिक पर 50 हजार रुपये ठगी, छेड़छाड़ और धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
माधवपुरम निवासी एक महिला ने मंगलवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को दी शिकायत में कहा कि देते हुए बताया कि एक महीने पूर्व उसकी मुलाकात रेलवे रोड निवासी एक युवक से हुई थी। युवक ने खुद को तांत्रिक बताया था। महिला के अनुसार तांत्रिक ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया था। आठ दिन पूर्व आरोपी महिला के घर पहुंचा और तांत्रिक क्रिया के नाम पर 50 हजार रुपये ले लिए थे। पैसे लेने के बाद आरोपी दो दिन बाद महिला के घर पहुंचा था।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने शोर मचा दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस को जांच के लिए निर्देश दिया गया है।
धोखाधड़ी के दस हजार वापस कराए
नौचंदी थाने की साइबर टीम ने ठगी का शिकार हुए पीड़ित पुनीत सभरवाल के दस हजार रुपये वापस कराए हैं। होटल बुक करने के नाम पर ठगी की गई थी। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी पुनीत सभरवाल से कुछ समय पहले अज्ञात व्यक्ति ने होटल बुकिंग के नाम परधोखाधड़ी कर गूगलपे के माध्यम से 10 हजार रुपये ठग लिए थे। जिसकी रिपोर्ट पीड़ित ने नौचंदी थाने पर दर्ज कराई थी।
नौचंदी थाने पर पर गठित साइबर टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए साइबर पोर्टल पर शिकायत अपलोड कर ठगी करने वाले का खाता ब्लाॅक कराया था। साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से आरोपी के खाते की ट्रांजक्शन डिटेल हासिल कर संबंधित बैंक मैनेजर से समन्वय स्थापित करके दस हजार रुपये पीड़ित के वापस कराए हैं। संवाद
पैसे देने से इंकार करने पर मां-बेटे से मारपीट
भावनपुर थाना के जयभीमनगर के मोहल्ला संजय विहार निवासी निवासी रोहित मोबाईल रिपेरिंग का काम करता है। उसने बताया कि उसके घर के सामने रहने वाले युवक ने उससे पैसे मांगे थे। इंकार करने पर उसके साथ मारपीट कर दी। काली नदी पुलिस को इस बाबत तहरीर दी। इससे नाराज होकर आरोपी युवक ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर उसके घर में घुस आए। उसके साथ लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव कराने पहुंची रोहित की मां सोनिया के साथ भी मारपीट करते हुए मां-बेटे को घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP: ड्राइवर ने छुट्टी मांगी तो कारोबारी ने खोया आपा, सुनाया ऐसा फरमान, आप भी कह उठेंगे-ऐसा कौन करता है भाई!
गृह क्लेश में युवक ने लगाई फांसी
भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गढ़ रोड पर संजय विहार कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय विकास उर्फ मोदी मजदूरी का कार्य करता है पिछले काफी समय से विकास का अपनी पत्नी कविता से गृह क्लेश चल रहा था।
पत्नी बीस दिन पूर्व अपने दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थी।
विकास ने मंगलवार देर रात कमरे में रस्सी बांध कर आत्महत्या कर ली। जब सुबह विकास ने दरवाजा नहीं बोला तो पड़ोसियों ने छत पर जाकर देखा तो विकास फांसी के फंदे से लटका हुआ था। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची भावनपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।