घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश
मवाना क्षेत्र की एक महिला से मंगलवार को एक आरोपी ने घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ित ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी ने मारपीट की। बुधवार को पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता ने शिकायत देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह वह घर पर काम कर रही थी। पति काम पर गए थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर में घुस आया। आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ईंट मारकर घायल किया
मुंडाली थाना पर नंगला कबूलपुर निवासी करण सिंह ने मुकदमा पंजीकृत कराया कि वह अपनी ट्यूबवेल से घर जा रहा था। रास्ते में अजय नारायण घर के बाहर चारपाई बिछाकर बैठा था। अपने रास्ते से निकलने को मना किया। पूछने पर ईंट मारकर घायल कर दिया। गाली गलौज कर जान मारने की धमकी दी है।
छत पर खेल रही बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश
रेलवे रोड की एक कॉलोनी में मंगलवार शाम छत पर खेल रही 12 वर्षीय बच्ची से एक आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के परिजनों ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है।
एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस जांच में लग गई है। थाना क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी मंगलवार शाम छत पर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी दीवार कूदकर छत पर आ गया। आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की तो पीड़िता ने शोर मचा दिया।
परिजन छत पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गया। पीड़ित परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो आरोपी के परिजनों ने अभद्र व्यवहार किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डेयरी संचालक ने की गाली गलौज
सरधना कस्बा हर्रा निवासी खुशी मोहम्मद ने मोहल्ले में संचालित डेयरी के कारण फैल रही गंदगी और बदबू को लेकर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके मकान के दोनों ओर डेयरी चलाई जा रही है, जहां करीब सौ पशु रखे गए हैं।
आरोप है कि पशुओं के मल-मूत्र और गंदे पानी के कारण क्षेत्र का वातावरण बुरी तरह प्रदूषित हो गया है। डेयरी से सबमर्सिबल पंप के माध्यम से गंदा पानी सीधे नालियों में बहाया जा रहा है, जिससे वह आसपास के घरों में घुस रहा है और लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। विरोध करने पर गाली गलाैज करता है।