रंजिशन युवक पर चाकू से हमला
लिसाड़ीगेट क्षेत्र के मेवगढ़ी मजीदनगर में पुरानी रंजिश के चलते काम से लौट रहे युवक के साथ चार लोगों ने मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेवगढ़ी मजीदनगर निवासी नाजिम के साथ एक माह पहले मामूली बात को लेकर खुशहाल कॉलोनी के युवकों से कहासुनी हो गई थी। तभी से आरोपी उससे रंजिश रखते हैं। मंगलवार रात करीब दस बजे मजदूरी कर लौटते वक्त आरोपियों ने नाजिम से मारपीट की और चाकू के वार किया, जिससे वह घायल हो गया। आसपास के लोगों को आता देख आराेपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया।
एसएसपी ने 43 दरोगाओं के किए तबादले
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मंगलवार देर शाम 43 दरोगाओं के तबादले कर दिए। इससे पूर्व करीब 80 दरोगाओं के तबादले किए गए थे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पिछले विधानसभा चुनाव में तैनात दरोगाओं के तबादले कर किए गए हैं। अभी अन्य दरोगाओं के भी तबादले होंगे।
महिला की आईडी पर मोबाइल सिम लेकर की धोखाधड़ी
महिला की आईडी पर जारी मोबाइल सिम से कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई। इसका पता चलने पर महिला ने मोबाइल सिम बेचने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बहसूमा क्षेत्र के गांव माखन नगर निवासी ऊषा पत्नी अमरपाल ने बताया कि वह अकबरपुर सादात निवासी मोनू से मोबाइल सिम खरीदने गई थी। मोनू ने महिला का फोटो खींच लिया और एक घंटे में सिम एक्टीवेट करके देने का आश्वासन दिया। वह एक घंटे बाद पहुंची तो युवक ने उसकी आईडी पर सिम एक्टीवेट न होने की बात कही। अब पुलिस से महिला को जानकारी मिली कि उसकी आईडी पर सिम जारी कर किसी व्यक्ति को जारी कर दिया। पुलिस ने मोनू व गौरव पुत्र कांता प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने विवादित पोस्टर दीवार से
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित प्रहलाद नगर में देर रात किसी शरारती तत्व ने सार्वजनिक शौचालय की दीवार पर विवादित पर्चे चस्पा कर दिए। मंगलवार सुबह मामले की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर दीवार से पर्चे हटवाए।
इंस्पेक्टर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह क्षेत्रवासियों ने प्रहलाद नगर में रामलीला ग्राउंड के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय की दीवार पर कुछ पर्चे चिपके देखे। इन पर्चों पर लाल रंग से मुगल हुकूमत में हिंदुओं पर हुए अत्याचारों की बात लिखी गई थी। टूटे-फूटे शब्दों में अलग-अलग कागजों पर कुछ ऐसी बातें लिखी थीं, जिनसे माहौल खराब होने के आसार थे। कुछ ही देर में क्षेत्र में इनकी चर्चा होने लगी। जानकारी मिलने पर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पर्चे हटवा दिए। सीओ कोतवाली अमित राय ने बताया कि पुलिस पोस्टर लगाने वाले की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।
चार बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई
वाहन लूट गिरोह के चार बदमाशों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह ने बताया कि राहुल पासी उर्फ गोपाला निवासी पंचायती मंदिर प्रगति नगर वाहन लूट गिरोह संचालित करता है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। रज्जन उर्फ राजन उर्फ राजन कुशवाहा व राहुल ठाकुर निवासी न्यू सर्वोदय कॉलोनी और विक्की नाई निवासी हनुमान मंदिर सिविल लाइन के खिलाफ भी विभिन्न थानों में वाहन लूट व चोरी के मामले दर्ज हैं। चारों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। संवाद
तमंचे व चाकू के साथ दो युवकों को पकड़ा
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार रात पुलिस लाल मोहम्मदपुर रोड पर गश्त कर रही थी। दो युवक बाइक पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े थे। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। उनके कब्जे से तमंचा व चाकू बरामद हुआ। दोनों की पहचान अंकुर व शुभम के रूप में हुई। मंगलवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
नशीला पदार्थ पिलाकर किशोरी से किया दुष्कर्म
किशोरी ने जागृति विहार के युवक पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर होटल में दुष्कर्म का आरोप लगाया है। नौचंदी थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि मेडिकल निवासी किशोरी के पिता ने जागृति विहार के अंकुर के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि अंकुर उनकी बेटी को होटल में ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर जाकर माता-पिता को जानकारी दी तो वे आरोपी के घर पहुंच गए। इस पर अंकुर के माता-पिता ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने अंकुरउसके पिता ओमकार और माता के खिलाफ आईपीसी 328, 376, 504, 506 व 3/4 पोक्सो एक्ट व 3(2)(वी) एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जांच के लिए ज्यादा शुल्क लेने का आरोप
सीसीएसयू के छात्र नेता विनीत चपराना ने सीएमओ से शिकायत की है कि जिले में डेंगू से जुड़ी जांच के निजी लैब संचालक और निजी अस्पताल मनमाने शुल्क वसूल रहे हैं। उन्होंने इसकी जांच की मांग की है। कोई भी लैब संचालक ज्यादा दरों पर जांच न करे और सभी लैब के बाहर जांच का शुल्क सूूची चस्पा करें। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक और एक्सरे रूम के बाहर के पंखे खराब होने की शिकायत की है और उसे ठीक कराने की मांग की है। पंखे ठीक न कराने पर प्राचार्य का घेराव करने की चेतावनी दी है।