फ्लैट दिलाने के नाम महिला से 27. 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी
हापुड़ के रामपुरा गांव निवासी कविता सिरोही से कंकरखेड़ा में हाईवे स्थित अर्क ट्विन टावर में फ्लैट दिलाने के नाम पर दो बिल्डर हार्दिक सिंह व पंकज गोयल ने 27. 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक आर्क ट्विन टावर के नाम से बिल्डिंग बनी है। हापुड़ निवासी पीड़िता कविता सिरोही ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि 2013 में उनकी मुलाकात संजय सिंह से हुई थी। संजय सिंह ने गाजियाबाद निवासी अपने दोस्त बिल्डर पंकज गोयल से महिला की मुलाकात कराई थी। लालच देकर फ्लैट बुक करने की बात कही थी।
महिला के अनुसार उसने चार बार में 27.50 लाख रुपये दोनों को दिए थे। 2021 में संजय सिंह की मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक के बेटे हार्दिक सिंह ने पंकज गोयल के साथ मिलकर काम शुरू किया था।
सीएम के लिए अपशब्द बोलने वाला गिरफ्तार
कंकरखेड़ा में दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान एक पक्ष के आरोपी अंकित निवासी नंगलाताशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि बीती 16 जून को सरधना रोड पर एक कॉलोनी में दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे को गालियां दे रहे थे। इसी बीच एक पक्ष की तरफ से आरोपी अंकित ने मुख्यमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर दिया।
सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। चौकी प्रभारी गौरव तिवारी ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी को न्याय हिरासत में जेल भेज दिया। सीओ दौराला का कहना है कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी।
गेझा रोड पर सड़क किनारे मिला युवक का शव
परतापुर थाना क्षेत्र के गेझा रोड़ पर मंगलवार रात एक युवक का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान सोनू 30 पुत्र मंगल सिंह निवासी गेझा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार सोनू गेझा रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था बताया गया कि सोनू शराब पीने का आदि था मंगलवार सुबह सोनू फैक्ट्री गया था लेकिन देर शाम तक घर नही पहुंचा। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पीएम कराकर शव परिजनों को सोप दिया गया परिजनों किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
शराब के नशे में हुआ विवाद, साढू के साथ मारपीट
मोदीपुरम क्षेत्र के कृष्ण नगर निवासी कल्याण सिंह के साथ रविवार देर रात उसके साढू ने अपने दोस्त के साथ मिलकर शराब के नशे में मारपीट की। मारपीट में कल्याण सिंह घायल हो गया। कल्याण की पत्नी मुस्कान ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार को बहन करिश्मा, उसका पति राहुल व राहुल का एक दोस्त घर पर आए थे।
बताया कि पति कल्याण सिंह के साथ राहुल व उसका दोस्त शराब पीने लगे। शराब पीने के दौरान कल्याण व राहुल में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और राहुल ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसके पति के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में कल्याण घायल हो गया, जिस पर राहुल अपने दोस्त के साथ मौके से भाग निकला। घायल कल्याण को अस्पताल में उपचार दिलाया और पुलिस से शिकायत की।
हमले का आरोपी 25 हजार का इनामी शोएब गिरफ्तार
गंगानगर में गंगाधाम कॉलोनी में बिल्डर पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 25 हजार के इनामी शोएब को गिरफ्तार किया है। चार आरोपी अभी फरार हैं। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह के मुताबिक 18 जून को गंगाधाम कॉलोनी में बिल्डर रणवीर त्यागी के पुत्र 27 वर्षीय दीपक पर घर के बाहर कार सवार पांच युवकों ने जानलेवा हमला किया था।
फायरिंग भी की गई थी। इस मामले में गंगानगर थाने में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ग्राम बली निवासी पांच युवकों की पहचान की गई थी। जिसमें सीएनजी पंप के पास से 25 हजार के इनामी शोएब को गिरफ्तार किया गया है।
बाइक सवार बदमाशों ने महिला से कुंडल लूटे
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दुकान पर सामान लेने के लिए जा रही महिला वंदना से बाइक सवार दो बदमाशों ने कुंडल लूट लिए। घटना के दौरान महिला सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई। लूट करने के बाद बदमाश मौके से भाग गए।
खिर्वा रोड की श्रद्धापुरी निवासी राजकुमार ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पत्नी वंदना सोमवार को दुकान पर सामान लेने के लिए जा रही थी। महिला पानी की टंकी के पास पहुंची। पीछे से आए बदमाशों ने महिला के कान पर झपट्टा मारकर कुंडल लूट लिए। महिला ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
बदमाश लूट करने के बाद भाग गए। कुछ लोगों ने बदमाशों को पीछा किया लेकिन वह भाग गए। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
रिटायर्ड सीओ के घर से पुत्रवधु का मोबाइल ले भागा युवक
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी में रिटायर्ड सीओ के घर से पुत्रवधु का मोबाइल युवक ले भागा। रविंद्र पाल सिंह तोमर रिटायर सीओ हैं। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उन्होंने बताया कि रविवार सुबह उनकी पत्नी राकेश तोमर ने लगी से जाते हुए लड़के को गमले रखने के लिए बुलाया था। यह लड़का अक्सर गली में आता-जाता था।
आरोप है कि गमले रखने के दौरान युवक मेज पर रखा उनकी पुत्रवधु अक्षरा तोमर का मोबाइल उठाकर ले गया। मोबाइल उसने स्विच ऑफ कर दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी को तलाश किया जा रहा है। इधर मेडिकल थाना क्षेत्र में बुजुर्ग से सोने की अंगूठी ठगने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जागृति विहार निवासी नारायण सिंह गड़ाकोटी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया था कि 19 जून की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह पैठ रोड से घर का सामान लेकर लौट रहे थे। तभी एक बाइक सवार आया और अंगूठी लेकर फरार हो गया।
सड़क हादसे में युवक की मौत
हापुड़ जनपद के गांव रेहरा के जसपाल के बेटे कोविंद्र (28) की सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क हादसे में गंभीर घायल होने पर उन्हें सोमवार को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।