शराब की दुकान से नकदी व बोतलें चोरी
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सूरजकुंड के पास स्थित शराब की दुकान से चोर जंगले के सरिये काटकर 1.26 लाख की नकदी और शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। गौतमबुद्धनगर के गांव खैरपुर निवासी अरुण खारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें बताया कि सूरजकुंड पर पशु अस्पताल के पास उनकी शराब की कंपोजिट दुकान है। बुधवार रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में लगे जंगले के सरिये काटे और अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखे 1.26 लाख रुपये नकद और शराब की कई बोतलें चोरी कर ले गए। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखे जा रहे हैं।
दोस्त का गला रेतने वाला गिरफ्तार
दोस्त का गला रेतने के आरोपी मोईन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि फिरोजनगर लिसाड़ी गेट निवासी फारूख ने बृहस्पतिवार को लोहियानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि मोईन ने उसके भाई आरिफ उर्फ अब्दुल वहाब के गले पर छुरी से कई प्रहार किए। उसके भाई को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
25 हजार का इनामी गिरफ्तार
गंगानगर क्षेत्र में एफआईटी कॉलेज के बाहर 16 दिन पूर्व बीसीए के छात्र अरनव के साथ मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी पुलिस ने बरामद किया है।
मवाना निवासी अरनव शर्मा एफआईटी कॉलेज में बीसीए का छात्र है। गत 26 मार्च की सुबह करीब 11 बजे वह कॉलेज के बाहर था। तभी बाइक पर चार युवक आए और उसके साथ मारपीट कर दी।
वह बचकर भागा तो हमलावरों ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली उसके बराबर से निकल गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ित ने प्रियांशु व प्रिंस और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच में सलारपुर गांव निवासी विक्की का नाम भी प्रकाश में आया था। एसएसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
गंगानगर पुलिस ने आरोपी विक्की को गाजियाबाद में लालकुआं फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के मामले में वर्ष 2018 में भी जेल जा चुका है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
महिला वन रक्षक से आरा मशीन संचालक ने की अभद्रता
मेरठ के भावनपुर क्षेत्र में किला रोड पर अवैध आरा मशीन पर महिला वन रक्षक रीना चौधरी पहुंची तो संचालक ने उनके साथ अभद्रता की। आरोपी झगड़े पर उतारू हो गया। महिला वन रक्षक ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रीना चौधरी ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह अपने कार्यक्षेत्र में गश्त पर थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि अब्दुल्लापुर के मोहल्ला गढ़ी निवासी साजेव ने किला रोड पर कब्रिस्तान के पास आरा मशीन लगा रखी है। वह मौके पर पहुंची तो सूचना सही पाई गई। उन्होंने साजेव से पूछताछ की तो वह अभद्रता करते हुए झगड़े पर आमादा हो गया। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
भावनपुर क्षेत्र में बुधवार को बुलेट बाइक की टक्कर से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पचगांव पट्टी अमरसिंहपुर निवासी भंवर सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उसका साला दीपक गेहूं की कटाई कर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घायल दीपक पास ही टंकी के पास लेट गया। सूचना पर दीपक के बेटे अभि, हरित और प्रशांत उसे घर ले आए। बृहस्पतिवार सुबह दीपक ने अपने दूसरे बहनोई सुमित को बताया कि उसके पेट में तेज दर्द हो रहा है। इस पर दीपक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बाइक चालक को तलाश किया जा रहा है।
घर में चोरी करने पहुंचे चोर को पकड़ा
भावनपुर क्षेत्र के नंगला शाहू गांव में घर का ताला तोड़कर चोरी कर रहे बदमाश को परिवार के लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। गांव निवासी अनीसा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह भतीजे नफीस और पौत्र राकिब के साथ मंदवाड़ा एक शोकसभा में गई थी। शाम करीब आठ बजे वे लौटे तो घर का ताला टूटा देखा। आरोप है कि घर के अंदर गांव निवासी युसूफ चोरी कर रहा था। उन्हें देखकर आरोपी भागने लगा। पीछा कर नफीस और राकिब ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से घर से चोरी किए पांच हजार रुपये और बर्तन मिले। सीओ शिवप्रताप सिंह का कहना है आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।