गार्ड के हत्यारोपी को आजीवन कारावास
अपर जिला जज पवन कुमार शुक्ला की अदालत ने हत्या के मामले में आरोपी नितिन निवासी कांशीराम काॅलोनी मेरठ को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास से दंडित किया। वादी उमंग गुप्ता निवासी साकेत ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उसकी फैक्टरी उद्योगपुरम में स्थित है। छह फरवरी 2020 को सुबह पांच बजे फैक्टरी कर्मचारी पप्पू निवासी बिहार ने फैक्टरी का मेन गेट खुला पाया। अंदर जाकर देखा तो गार्ड राजीव लोचन शुक्ला की किसी ने हत्या कर दी थी। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। बाद में विवेचना में आरोपी नितिन का नाम प्रकाश में आया था। न्यायालय में अभियोजन में अपना केस साबित करते हुए सात गवाह पेश किए। न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनकर आरोपी को दंडित किया।
बिहार की चीनी मिल में मेरठ के मिस्त्री की मौत
बिहार के बगहा स्थित तिरूपति चीनी मिल में मंगलवार को काम कर रहे मेरठ के एक मिस्त्री की हादसे में मौत हो गई। घटना के समय वह सुरक्षा उपकरण नहीं पहना था।
मेरठ के रहने वाले रेहान (40) को बगहा जिले के तिरूपति शुगर मिल में ठेकेदार ने मशीन रिपेयरिंग के लिए बुलाया था। मंगलवार को बिना सुरक्षा उपायों के ऊंचाई पर खड़े होकर रेहान कार्य करने लगा। इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी। रेहान को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। एंबुलेंस से ले जाने की तैयारी चल ही रही थी कि इसी दौरान रेहान ने दम तोड़ दिया।
रेहान के रिश्तेदार समर अली ने बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके तीन बेटियां हैं। शुगर मिल के प्रबंधक बीएन त्रिपाठी ने बताया कि रिपेयरिंग का काम ठेकेदार के माध्यम से चल रहा था। मिल प्रबंधक की ओर से कार्य नहीं कराया जा रहा था।
युवक ने महिलाओं पर टिप्पणी करते हुए बनाई रील
गंगानगर में कार सवार युवक ने सड़क चलते लोगों और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए रील बनाई और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गंगानगर थाना एसएसआई अवधेश सिनसिनवार ने बताया कि एफ ब्लॉक-333 निवासी प्रज्ज्वल शर्मा ने अपनी कार में सड़क चलते लोगों, महिलाओं पर टिप्पणी की। रील बनाकर उसे अपने इंस्टा अकाउंट पर अपलोड भी किया। रील वायरल होने पर पुलिस से मामले की शिकायत की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मुकदमा दर्ज किया गया है।
सड़क हादसे में तीन युवक घायल
मेडिकल थाना क्षेत्र के काली नदी के पास डिवाइडर से टकराकर ऑल्टो कार पलट गई। कार में सवार तीन युवक घायल हो गए। यहां से निकलकर ज रहे चौधरी चरण सिंह विवि के छात्र नेता विनीत चपराना ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों घायलों के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास मेडिकल पुलिस कर रही है।