भगवान परशुराम पर टिप्पणी करने वाले युवक ने मांगी माफी
राष्ट्रीय परशुराम परिषद के सोशल मीडिया अकाउंट पेज पर चांद कुरैशी की फेसबुक आईडी से भगवान परशुराम के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में युवक ने माफी मांगी। मामला मुख्यमंत्री व प्रदेश के डीजीपी तक पहुंच गया था। इस पर मेरठ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भराला ने बताया कि युवक के परिजन जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगी और युवक बचाने की गुहार लगाई। युवक चांद ने भी माफी मांगी। कहा कि उसका सोशल मीडिया अकाउंट हैकर ने हैक कर लिया था। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पंडित अजय भारद्वाज, संतोष पंडित, शिवम भारद्वाज, शिवकुमार शर्मा, आमिर अली आदि मौजूद रहे।
संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी लापता
सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। पिता ने तहरीर में बताया कि बेटी शुक्रवार देर रात लापता हुई। घर की अलमारी में रखे आभूषण व एक लाख की नकदी गायब थी। आरोप है कि मेहताब निवासी कायस्थ बड्ढा थाना किठौर, आसिफ, सदाकत निवासी शेरपुर थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर व अलीशा निवासी खिर्वा थाना सरधना ने अपहरण किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ट्रकों पर रिफ्लेक्टर लगाने के नाम पर वसूली का आरोप
सरूरपुर में वाहन चालकों ने गांव भूनी में स्थित टोल प्लाजा पर रिफ्लेक्टर के नाम पर वसूली का आरोप लगाया है। एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कानपुर निवासी आनंद बता रहे हैं कि वह बिहार से ट्रक लेकर अंबाला जा रहे थे। टोल प्लाजा पर लगे कैंप में जबरन ट्रकों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। आरोपी 300 रुपये की वसूली कर रहे हैं। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि एसपी ट्रैफिक के आदेश पर गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। टोल प्रबंधक ने जानकारी ली जाएगी।
आवारा सांड के हमले से कई घायल
सरधना थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर में रविवार को एक आवारा सांड ने ग्रामीणों पर हमला किया। गांव अलीपुर में हिंसक सांड के उत्पात की सूचना ब्लॉक अधिकारियों को दी। आरोप है कि देर शाम तक भी अधिकारियों ने सुध नहीं ली, जिसको लेकर लोगों में रोष है।
जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी सुमित पुत्र गजेंद्र सिंह सुबह में अपने खेत में काम करने जा रहा था। बीच रास्ते में पहुंचा तो अचानक वहां आए एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर वर्तमान प्रधान तेजवीर सिंह व मोनू पुत्र सतपाल आए तो सांड ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने सांड को बंधक बना लिया। सांड को गोशाला िभजवाने की मांग की गई।
छज्जपुर डिमोली मार्ग पर फसल में लगी आग
परतापुर के छज्जुपुर डिमोली मार्ग पर रविवार सुबह खेत में खड़ी दो बीघा ईख की फसल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रुप धारण कर लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ईख पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। छज्जुपुर निवासी अमरपाल सिंह का डिमौली मार्ग पर दो बीघा ईख का खेत है।
रविवार सवेरे ईख में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग बढ़ती चली गई। एफएसओ ब्रजमोहन का कहना है कि सूचना पर फायर बिग्रेड की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई थी। आग का कारण का पता लगाया जा रहा है।
दो बिटौड़े में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सरधना रोड स्थित नंगलाताशी के पास गोलू ढाबे के सामने मैदान में रविवार को उपले के दो बिटौड़े में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने मिट्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
आग की ऊंची लपटें देख लोगों ने पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी। फायर बिग्रेड ने लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग काबू पाया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कहा िक कोई जनहानि नहीं हुई है।