व्यापारियों को चावल बेचकर दे दी लूट की झूठी सूचना
परतापुर के एफसीआई गोदाम से सरधना के लिए निकले ट्रक के 404 क्विंटल चावल को चालक समेत चार लोगों ने बागपत और दिल्ली के व्यापारियों को बेच दिया। इसके बाद लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच कर लूट के दावे को खारिज कर दिया। अब पुलिस चारों आरोपियों की तलाश में जुटी है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
बागपत के डोला गांव निवासी ट्रक चालक बिल्लु ने रविवार शाम परतापुर थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह कुंडा स्थित एफसीआई गोदाम से ट्रक में 404 क्विंटल चावल लेकर सरधना के लिए जा रहा था। परतापुर बाईपास पर सुशांत सिटी के पास छह हथियारबंद बदमाशों ने कार से ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया और मारपीट कर उसे बंधक बनाकर हाईवे किनारे छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने जांच के बाद बताया कि ट्रक चालक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दूसरे ट्रक की नंबर प्लेट लगाकर एफसीआई गोदाम में एंट्री कर ली और ट्रक में माल लोड करके परतापुर बाईपास से होते हुए सरधना के लिए रवाना हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चावल को बागपत और दिल्ली के व्यापारियों को बेच दिया। एएसपी ब्रहमपुरी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में आर्यनगर निवासी अरुण कुमार ने केस दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार की रात करीब आठ बजे उसके घर पर तुलसी काॅलोनी निवासी आदित्य उर्फ रिंकू पहुंचा। घर के बाहर खड़े होकर वह गाली गलौज करने लगा। जिसके बाद पीड़ित घर से बाहर आया। जिस पर आदित्य ने अरुण को दिए दो लाख रुपये उससे मांगे। जिस पर अरुण ने कोई भी रुपया न होने की बात कही। इसी बात पर कहासुनी और मारपीट होने लगी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आदित्य की जेब में रखा तमंचा सड़क पर गिर गया। तभी मौके पर जमा लागों ने आरोपी को पकड़ लिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि आरोपी तमंचा कहां से लाया है, इसकी जानकारी की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, फायरिंग
किठौर क्षेत्र गांव भड़ौली में सोमवार को उपहार में दी गई कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। गाड़ी में तोड़फोड़ के अलावा फायरिंग भी की गई। पुलिस दोनों पक्षों के कई लोगों और स्कार्पियो गाड़ी को थाने ले आई। इस बाबत किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि गांव भड़ौली निवासी महावीर ने पुत्र से अनबन के चलते अपनी पुत्रवधू को पांच बीघा कृषि भूमि उपहार स्वरूप दे दी थी। इसके बाद पुत्रवधू ने मेरठ के लोहियानगर निवासी रईस से रकम लेकर उक्त भूमि उसके नाम लिखवा दी। जानकारी होने पर परिवार के लोग कोर्ट से स्टे ले आए। सोमवार को रईस अपने कई साथियों के साथ स्कार्पियो में सवार होकर भूमि पर कब्जे करने के लिए पहुंचा। जहां कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई।
इंस्पेक्टर के घर में चोरी का खुलासा नहीं
मेरठ बाईपास स्थित एल्फा सिटी में आईटीबीपी में तैनात इंस्पेक्टर अनिल कुमार के बंद मकान में चोरी का खुलासा नहीं हुआ है। चोर मकान से लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। सोमवार को पुलिस ने क्षेत्र के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें दिखाई दिए संदिग्ध युवक की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार इस समय उत्तराखंड में तैनात हैं। बाईपास स्थित एल्फा सिटी के मकान में अनिल कुमार का परिवार रहता है। करीब 20 दिन से परिजन बाहर गए हुए थे। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि कुछ तथ्य मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया है। सर्विलांस टीम समेत तीन टीमें मामले के खुलासे के लिए लगाई गई हैं।
सड़क हादसे में दिव्यांग की मौत
मेरठ-करनाल हाईवे पर बाइक की टक्कर लगने से ट्राईसाइकिल सवार गांव नानू निवासी 24 वर्षीय दिव्यांग आकाश की मौत हो गई। जबकि आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूरजमल का दिव्यांग बेटा आकाश सोमवार की शाम नानू गंगनहर पुल पर ट्राईसाइकिल से घूमने के लिए गया था। घर लौटते समय वह गांव के बाहरी छोर पर पहुंचा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक की उसकी ट्राईसाइकिल से टक्कर हो गई। जबकि आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सामाजिक समरसता होना आवश्यक
सरधना। नगर के मोहल्ला तारनी स्ट्रीट में स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सूर्य देव त्यागी के आवास पर देश व समाज में सद्भावना को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश व समाज में कैसे सद्भावना फैले इसको लेकर चर्चा की गई। बैठक में सूर्य देव त्यागी ने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति में समाज सामाजिक समरसता होनी अति आवश्यक है। अशोक बेरी ने कहा कि समाज सदभाव व सामाजिक समरसता को हमने प्रयागराज में आयोजित कुंभ में देखा है।
पिता-पुत्र पर छेड़खानी व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
मुंडाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पड़ोस में रहने वाला शमीम अहमद उसे अपना फोन नंबर देने के साथ ही बातचीत करने का दबाव बनाता है और छत पर चढ़कर गलत इशारे करता है। आरोप है कि उसकी सास घर पर नहीं थी तो आरोपी उसके घर में घुस आया और उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़खानी की।
घर पहुंचे पति को घटनाक्रम बताया तो वह शिकायत लेकर आरोपी के घर गए। आरोप है कि आरोपी शमीम व उसके पिता ने पति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किशोर से मोबाइल लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पकड़ा
टीपी नगर थाना क्षेत्र में नवीन मंडी के सामने सोमवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने किशोर से मोबाइल लूट लिया। शोर मचने पर राहगीरों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों के पास से तमंचा भी मिला है।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मंगतपुरम निवासी मंगला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब साढे छह बजे उनका 15 वर्षीय भतीजा नवीन मंडी के सामने से गुजर रहा था। उसके हाथ में मोबाइल था। तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके भतीजे से मोबाइल लूटकर भागने लगे। किशोर ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी जमकर धुनाई की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को लेकर थाने आ गई। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नावेद और मोहसिन निवासी जली कोठी बताए हैं। उनके पास से तमंचा भी मिला है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।