दो दिन में तीन शव किए बरामद, एक शव की नहीं हो सकी पहचान
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दो दिन के अंदर तीन युवकों के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार तीनों युवक नशे के आदी थे। मृतकों में दो युवकों की पहचान हो गई। मगर एक युवक की पहचान नहीं हो सकी।
कस्बा चौकी क्षेत्र की नंदपुरी निवासी युवक हेमंत कुमार ने शुक्रवार दोपहर डायल-112 को फोन कर सूचना दी कि उनके घर के पास में एक युवक अचेेत अवस्था में पड़ा हुआ है। कुछ देर बाद युवक की पहचान 40 वर्षीय सुनील शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुनील शराब पीने का आदी था और एक वर्ष से घर पर नहीं आ रहा था। दूसरी घटना में पश्चिम बंगाल निवासी लगभग 36 वर्षीय अभिजीत दास काफी समय से योगीपुरम चौकी के अनूपनगर में 10 महीने से किराए पर रह रहा था। युवक मजदूरी का काम करता था। युवक का तीन साल से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। जिसके चलते पत्नी दिल्ली में अपने बेटे के साथ रहती है। अभिजात दास का शव रोहटा रोड सड़क किनारे मिला।
तीसरे घटना में खड़ौली चौकी क्षेत्र में शोभापुर फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर एक लगभग 42 वर्षीय युवक का शव मिला। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तीनों की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा वापस न लेने पर दी धमकी
टीपी नगर क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी के पुत्र ने मुकदमा वापस न लेने पर पीड़िता के पिता को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अरविंद उर्फ पप्पू ने उनकी नाबालिग बेटी को कनफैक्शनरी की दुकान में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया था। इसका मुकदमा टीपी नगर थाने में दर्ज है। आरोपी के बेटे ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उन्हें मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
गंगानगर में 14 साल की छात्रा ने दी जान
गंगानगर की पॉश डिफेंस कॉलोनी के बराबर में स्थित नेहरूनगर में एक 14 वर्षीय नवीं की छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव का बिजनौर बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया। नेहरूनगर में शिव मंदिर के सामने एक परिवार रहता है। घर में दो बड़ी बेटी और एक बेटा था। बताया जा रहा है कि माता-पिता काम पर चले गए थे। तीनों बच्चे अकेले थे। दो छोटे भाई-बहन बड़ी छात्रा पर खेलते समय पानी डाल रहे थे। वह बार-बार मना कर रही थी। इससे वह नाराज हो गई और कमरा बंद कर उसने फंदा लगाकर जान दे दी।
दहेज हत्या में वांछित मां-बेटे को पुलिस ने पकड़ा
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के रजबन निवासी सुदेश ने एक साल पूर्व थाने पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया था कि उसकी बहन संगीता की शादी 2023 में राहुल सोनकर से हुई थी। शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले कम दहेज को लेकर मारपीट करते थे। मई 2024 को पति, सास सुशीला व विक्की ने उनकी बहन को जबरन तेजाब पिला दिया था। परिजनों ने घायल अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी मौके से भाग गए थे। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को कासमपुर से हिरासत में ले लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।
कागजी बाजार से सोना लेकर भागा कारीगर
देहली गेट थाना क्षेत्र के कागजी बाजार से कारीगर एसके शमीम 26 लाख रुपये का सोना लेकर भाग गया। पीड़ित व्यापारी ने देहली गेट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। ईश्वरपुरी के रहने वाले राजकुमार डिंडा उर्फ राजू ने देहली गेट थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि चौबे मार्केट थर्ड फ्लोर कागजी बाजार न्यू बिल्डिंग में उनकी सराफ की दुकान है।
वह सोना लेकर मजदूरी पर आभूषण बनाने व डाई काटने का काम करते हैं। 12 जून को पाशवी ज्वेलर्स के अक्षत जैन को 24 कैरेट शुद्ध 265 ग्राम 26 लाख से अधिक का सोना आभूषण बनाने के लिए दिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर सब्जी विक्रेता से 2.50 लाख ठगे
बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर रिटायर कैप्टन के पुत्र ने सब्जी विक्रेता राजकुमार से 2.50 लाख रुपये ठग लिए। रकम वापस मांगने पर झूठी शिकायतें की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बिजनौर के समसपुर सद्दो गांव निवासी राजकुमार वर्तमान में परिवार के साथ सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मानसरोवर कॉलोनी में रहता है। वह ठेले पर घूम-फिरकर और साकेत में धन्वंतरी अस्पताल के सामने जैन मंदिर के पास सब्जी बेचते हैं। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि रिटायर कैप्टन रमेश गौतम का पुत्र अभिषेक गौतम भी उससे सब्जी खरीदता था। इस दौरान दोनों के बीच काफी बातचीत होने लगी।
आरोप है कि अभिषेक गौतम ने उनसे कहा कि तुम्हारा कोई बेटा पढ़ा-लिखा है तो उसकी नौकरी मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस या स्पेशल इंफैंटरी ऑपरेशन में लगवा दूंगा। इसमें चार लाख रुपये का खर्चा आएगा।