हस्तिनापुर के अनाज मंडी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में आपस में जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें एक पक्ष का एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं मृतक का भाई और मां गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
मेरठ के हस्तिनापुर में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और लाठी डंडे चले। खूनी संघर्ष के दौरान एक युवक की मौत हो गई जबकि कई लोग लहूलुहान हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संघर्ष कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कस्बे के अनाज मंडी क्षेत्र में बुधवार को किसी पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि बुधवार दोपहर को प्रदीप बाजार से अपने घर की ओर जा रहा था।
जब वह दूसरे पक्ष के घर के समीप पहुंचा तो किसी बात को लेकर आपस में गाली-गलौज हो गई। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पर हमला बोल दिया। वहीं बीच-बचाव में आए उसके भाई और उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस तीनों घायलों को मवाना सीएचसी पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने प्रदीप पुत्र अनिल को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि इस मामले में प्रदीप की मौत हो गई है। मृतक का भाई तरुण भी गंभीर रूप से घायल है। वहीं उसकी मां प्रेमवती की हालत गंभीर है। गंभीर स्थिति होने के कारण जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष के दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।