फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: नालियों में बहा पशुओं का खून भाजपा नेताओं में रोष, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, तीन घायल

Sun, 08 Jun 2025 02:42 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के देहली गेट क्षेत्र के सरायलाल दास सेठ वाली गली में पशुओं का खून नालियों में बहने पर लोगों में रोष फैल गया। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप-
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के देहली गेट क्षेत्र के सरायलाल दास सेठ वाली गली में पशुओं का खून नालियों में बहने पर लोगों में रोष फैल गया। सूचना पर भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा समर्थकों के साथ पहुंचे और हंगामा किया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से फोन पर बात कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने इसका आश्वासन दिया।

विज्ञापन


यह मिश्रित आबादी क्षेत्र है। शनिवार शाम ईद पर कुछ परिवारों ने कुर्बानी की तो नालियां खून से लाल हो गईं। क्षेत्र के लोगों ने इसकी सूचना भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा को दी। कमल दत्त मौके पर आए। एसएसपी के निर्देश पर देहली गेट थाना प्रभारी भी पहुंचे और जानकारी ली। कमलदत्त ने कहा कि यह बांग्लादेश नहीं है, उत्तर प्रदेश है। 

यहां भाजपा सरकार है और कानून का राज है। अवैध कटान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर मीडिया प्रभारी विक्रम शर्मा, गौरव शर्मा, रितिक गुप्ता मोहित आदि रहे।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: आस्था हत्याकांड: नहीं मिला कटा हुआ सिर, एक आरोपी की तलाश, मजबूत पैरवी के लिए जुटाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य

परीक्षितगढ़ में शनिवार ईद उल अजहा की शाम शाम को बाइक की टक्कर लगने पर दो पक्षोें में लाठी-डंडे चले। इसमें तीन महिला समेत 8 लोग घायल हो गए। दो समुदाय से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
यह मामला परीक्षितगढ़ के चितमाना शेखपुरा गांव का है। वहां पर दो दिन पहले गांव का ही एक किशोर साइकिल से जा रहा था। साइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई थी। जिसको लेकर दो समुदाय के लोगों के बीच विवाद हो गया था। शनिवार को बाइक द्वारा रिहान, बसर, साहिल ईद उल अजहा के पर्व की बधाई देने जा रहे थे। जैसे ही गांव निवासी के घर के बाहर पहुंचे तो बाइक में लात मारकर गिरा दिया। जिससे बाइक सवार तीनों युवक नाली में गिर गए। विरोध करने पर मारपीट की। 

आरोप है देर शाम दूसरे पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने घर में घुसकर लाठी डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में तीन महिलाएं शबनम, साईन व निशा घायल हो गईं। इनमें निशा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस गांव के दो लोगों को हिरासत में लेते हुए थाने ले आए। 

सीओ सदर देहात शिव प्रताप ने बताया कि घायलों को सीएससी में भर्ती कर दिया है। जिसमें एक महिला निशा की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। थाने में अभी इस संबंध में किसी भी पक्ष में तहरी नहीं दी।  

 


थाने से कुछ दूरी पर नलकूपों की लाइन चोरी
रोहटा। थाने से चार सौ मीटर दूरी पर दो गांवों के डेढ़ दर्जन किसानों के नलकूपों पर सप्लाई करने वाले 18 खंभों से विद्युत लाइन चोरी की। शनिवार की सुबह खेतों पर गए किसानों को घटना की जानकारी हुई। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया। थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने खुलासे का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया। शनिवार दोपहर रोहटा थाने पर गांव आजमपुर के प्रधान सुनील के साथ पहुंचे। थाने से चार सौ मीटर दूर गांव शाहपुर जैनपुर व आजमपुर के जंगल में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने किसान चंद्रवीर के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर तथा चमन के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर से जुड़े किसान सुखपाल, राजपाल शर्मा, भारत भूषण, सुरेंद्र, नरेंद्र, प्रेमवती, पूर्व प्रधान, सहंसरपाल, धर्मपाल, राजपाल सिंह, ओमवीर सहित अन्य की करीब तीन किमी. लंबे तार काटकर चोरी कर लिए गए। संवाद
 

धर्म छिपाकर शादी, अब धर्म परिवर्तन का दबाव
गौतमबुद्धनगर की एक महिला ने शुक्रवार को एसएसपी को पति के खिलाफ धर्म छिपाकर शादी करने और अब धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताया था, लेकिन वह दूसरे समुदाय का निकला। 

  विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि पति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।  मूल रूप से बरेली के थाना गुरूनिया क्षेत्र की निवासी एक महिला ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह काफी समय से गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रह रही है। पांच वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर मेरठ निवासी एक युवक से हुई थी। 

 इस दौरान युवक का अकाउंट सचिन नाम से था। दोनों की दोस्ती कुछ दिनों में प्यार में बदल गई। 2020 में दोनों ने नोएडा के एक हनुमान मंदिर में शादी कर ली। महिला के अनुसार उसे कुछ दिन पूर्व पता चला कि युवक दूसरे समुदाय का है और उसका नाम मुबस्मीर है, फतेहउल्लापुर रोड थाना लोहियानगर का रहने वाला है।

मामले की जानकारी के बाद महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि अब पति उसके ऊपर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार घायल
बहसूमा में मुख्य मार्ग पर स्थित हरियाली पेट्रोल पंप के पास शनिवार शाम दो बाइकों में हुई भिंडत में दो सवार घायल हो गए। मवाना थाना क्षेत्र के गांव सटला निवासी नितपाल व पिंटू निवासी मोहद्दीनपुर थाना परतापुर की मुख्य मार्ग पर स्थित हरियाली पेट्रोल पंप के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को पुलिस ने मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। इनमें नितपाल की हालत गंभीर बताई गई है। संवाद

कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लू-बक्सर निवासी 42 वर्षीय राकेश जाटव पेशे से चिनाई मजदूरी करके अपनी पत्नी राधा और बच्चे आरोही, भूमि, कनक और अर्नव का पालन पोषण करता था। शनिवार को राकेश मजदूरी करके लौट रहा था।

भावनपुर थाना के समीप किला परीक्षितगढ़ की ओर से तेज रफ्तार टाटा पंच गाड़ी ने टक्कर मार दी। चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मृतक का भतीजा साेनू मौके पर पहुंचा और थाने पर तहरीर दी। भावनपुर इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि कार मालिक के बारे में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी। 

कार सवारों पर एक लाख रुपये लूटने का आरोप
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव हादीपुर गांवड़ी निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर भाई के साथ मारपीट और लूट का आरोप लगाया है। पीड़ित के भाई नितिन कुमार ने तहरीर में बताया कि बड़े भाई सुरेंद्र सिंह भाकियू (इंडिया) में तहसील अध्यक्ष हैं और दूध व्यापारी हैं। शुक्रवार शाम वह हस्तिनापुर से दूध के पैसे लेकर गांव आ रहे थे।

भीकुंड तिराहे पर कार में सवार कुछ लोगों ने रोककर सुरेंद्र के साथ मारपीट की। वे एक लाख पांच हजार रुपये, चेन‚ अंगूठी व मोबाइल छीनकर भाग गए। उनका पीछा किया तो उन्होंने कार से साइड मारकर भाई को घायल कर दिया। बाद में उन्हें मेरठ के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

ससुराल वालों पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप
मोदीनगर के गांव फफराना निवासी विवाहिता वंशिका ने ससुराल वालों पर बंधक बनाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। मेरठ स्थित गांव बाफर निवासी महिला पिंकी ने बताया कि उसकी पुत्री वंशिका की शादी फफराना निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले वंशिका को प्रताड़ित करने लगे। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया, मगर वह वंशिका को प्रताड़ित करते रहे। बताया कि शुक्रवार को वासु अपनी बहन वंशिका से मिलने आया था। आरोप है कि ससुराल वाले वासु को गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने वंशिका और वासु को बंधक बना लिया और उन्हें लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।  

मकान बेचने के नाम पर युवक से एक लाख हड़पे
परतापुर क्षेत्र के निवासी युवक को मकान बेचने का झांसा देकर मां-बेटे समेत चार लोगों ने एक लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। 
परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि 22 मार्च 2025 को दिल्ली रोड स्थित शिवपुरम निवासी उर्मिला देवी से उन्होंने 14.40 लाख रुपये में मकान का सौदा तय किया था। बयाने के रूप में 20 हजार रुपये नकद और 80 हजार रुपये उनके बेटे मोहित के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। इसके गवाह मनोज व इंद्रपाल थे।

प्रवीण के मुताबिक आरोपियों ने मकान का बैनामा नहीं किया। रुपये भी नहीं लौटाए। अब तकादा करने पर उर्मिला देवी, मोहित, मनोज और इंद्रपाल जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। 

12.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप
पुरानी तहसील निवासी फैजान ने एसएसपी ऑफिस पर धोखाधड़ी की शिकायत की। इसमें बताया कि उसने दिल्ली रोड स्थित एक शोरूम से जनवरी 2023 में कार बुक की थी। कंपनी कर्मचारियों ने जल्द कार देने की बात कही थी। कुछ दिन बाद शोरूम स्टाॅफ ने कार पर छूट होने की बात बताई थी।

इसके बाद आरोपियों के कहने पर पीड़ित ने सारे पैसे उनके खाते में डाल दिए। इसके बावजूद कार नहीं मिली। बाद में पीड़ित कार लेने पहुंचा। आरोप है कि शाेरूम स्टॉफ व कर्मचारियों ने पीड़ित के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित को पैसे व कार देने से इंकार कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार  पर जांच की जा रही है।  

ई-रिक्शा चुराने वाले दो चोर पकड़े
कंकरखेड़ा पुलिस ने चुराई गई ई-रिक्शा के साथ दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पांच जून की रात मनोज ने घर के बाहर ई-रिक्शा खड़ा किया था। छह जून की सुबह ई-रिक्शा चोरी हो गया था।

केस दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में लग गई। शनिवार को पुलिस आंबेडकर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी पहचान हिमांशु निवासी लाला मोहम्मदपुर व रोहित  निवासी अशोकपुरी पाल धर्मशाला के रूप में हुई है। उन्होंने ही ई-रिक्शा को चोरी किया था। उसने ई-रिक्शा भी बरामद की गई।

पैदल घूम रहा युवक कार की टक्कर से घायल
सरधना। खेड़ा गांव में सड़क पर टहल रहा युवक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक हवा में उछलकर जमीन पर गिर गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। घायल के परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव खेड़ा निवासी सुनील ने बताया कि उसका भाई गौरव शनिवार शाम सड़क पर टहल रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हवा में उछलकर दूर जाकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने कार्रवाई की मांग के लिए हंगामा किया। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के बताए गए हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर घायल को मेरठ रेफर कर दिया गया। सीओ सरधना संजय जायसवाल का कहना है कि मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।  

गोवंश को गाड़ी में जबरन ले जाने का कोशिश
सरधना क्षेत्र के ईकड़ी रोड पर बाइक सवार तीन युवक एक गोवंश को गाड़ी में जबरन ले जाने की सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। मामले के संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष दीपक सोम ने बताया कि शनिवार को ईकड़ी रोड पर कुछ युवक गाड़ी खड़ी कर एक गोवंश को जबरन ले जाने का प्रयास कर रहे थे। संगठन को जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। बताया कि बाइक पर सवार तीन आरोपी मौके पर थे वहीं, कुछ ही दूरी पर उन्होंने गाड़ी खड़ी कर रखी थी। जब उन्होंने गोवंश को देखा तो उसके पैरों पर चोट के निशान थे। हिंदू संगठन के हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पदाधिकारियों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

नमाज पढ़ने गया किशोर लापता
दौराला में कैली गांव निवासी कक्षा आठ का छात्र अब्दुल कलाम शुक्रवार देर शाम नमाज अदा करने गया था और लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

कैली निवासी नूर हसन ने बताया कि वह सब्जी बेचता है और उसका छोटा भाई अब्दुल कलाम सकौती स्थित एक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ता है। भाई घर से मस्जिद में नमाज पढ़ने की बात कहकर गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। सभी संभावित स्थानों पर तलाश के बाद भी सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी। दौराला थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने बताया कि किशोर की तलाश की जा रही है।  
विज्ञापन

महिला बैंककर्मी के घर से नकदी व आभूषण चोरी
मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार में महिला बैंककर्मी शुचि जैन के घर से 40 हजार की नकदी और आभूषण चोरी हो गए। पीड़िता ने घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का शक जाहिर करते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे आभूषण और कुछ नकदी बरामद कर ली है। जागृति विहार निवासी शुचि जैन पंजाब नेशनल बैंक में नौकरी करती हैं। थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि एक अप्रैल 2025 से उनके घर से सोने की एक चेन, एक पैंडल, ब्रेसलेट, एक अंगूठी और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई।

उन्होंने शक जाहिर किया कि चोरी करीब ढाई साल से काम करने वाली जयभीमनगर निवासी पूजा पर शक जताया। पुलिस ने पूजा को हिरासत में ले लिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला के पास से आभूषण और कुछ नकदी बरामद हुई है। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें