मेरठ कॉलेज को दिलाएंगे दिल्ली के कॉलेजों जैसी पहचान
- फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज के प्रत्याशियों ने कहा कि बनाएंगे छात्रवृत्ति कोष
मेरठ। फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज से प्रबंध समिति का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का कहना है कि अगर सदस्यों ने मौका दिया तो मेरठ कॉलेज को दिल्ली के कॉलेजों जैसी पहचान दिलाएंगे। छात्रवृत्ति कोष बनाकर जरूरतमंद होनहारों की पढ़ाई का खर्च उठाएंगे। कॉलेज में स्मार्ट कक्षाएं बनवाकर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मुताबिक कॉलेज को अपग्रेड कराएंगे।
मंगलवार को साकेत में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज की ओर से अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार गुप्ता, सचिव पद के लिए विवेक गर्ग, उपाध्यक्ष पद के लिए मोहित जैन और अतिरिक्त सचिव पद के लिए चुनाव लड़ रहे केशव बंधु ने बताया कि अगर उनको सदस्यों ने जीत दिलाई तो वह सबको साथ लेकर कॉलेज की बेेहतरी के लिए कार्य करेंगे।
विवेक गर्ग ने कहा कि मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे बनने के बाद मेरठ से दिल्ली की दूरी बहुत घट गई है, ऐसे में कॉलेज को इस तरह से अपग्रेड किया जाएगा कि दिल्ली के विद्यार्थी भी यहां आने को मजबूर हों। उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश के कोने-कोने से विद्यार्थी यहां पढ़ने के लिए आते थे। कॉलेज को बेहतर बनाने के लिए ई-कंटेंट के साथ-साथ स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना कराई जाएगी। अनुशासन की स्थिति को और बेहतर करने के लिए काम किया जाएगा। खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए विक्टोरिया पार्क ग्राउंड और कॉलेज की अन्य संपत्तियों को फ्री होल्ड कराने का प्रयास करेंगे। कॉलेज में डेवलेपमेंट के कार्यों को बेहतर तरीके से कराने के ई-टेंडरिंग जरूरी है। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष आम सभा का आयोजन कर सदस्यों को समस्त गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। कॉलेज की ऐतिहासिक इमारतों हॉस्टल बिल्डिंग को संरक्षित कराएंगे, अगर हॉस्टल संचालित नहीं हो सकते हैं तो दूसरी गतिविधियां कराएंगे ताकि ऐतिहासिक धरोहर बची रहे। पुरातन छात्रों को जोड़कर कॉलेज की उपलब्धियों को सामने लाने के साथ ही उनको कॉलेज के लिए सहयोग देने की भी अपील करेंगे। अध्ययन स्कूल के संजय कुुमार, हर्ष गर्ग आदि मौजूद रहे।
औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
वहीं, सेठ दयानंद गुप्ता, अरविंद नाथ सेठ, डॉ. राम कुमार गुप्ता और योगेश बंसल ग्रुप की तरफ से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुरेश चंद जैन, सचिव पद के लिए डॉ. ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष पद के एमके गुप्ता और अतिरिक्त सचिव के पद पर चुनाव लड़ रहे मनीष प्रताप ने मंगलवार को नव संवत्सर और चैत्र नवरात्र के दिन के पहले दिन बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। प्रत्याशियों ने कहा कि मां दुर्गा से आशीर्वाद मांगा है कि अगर वह चुने जाते हैं तो सभी छात्रों-शिक्षकों एवं मेरठ कॉलेज से जुड़े प्रबुद्ध सदस्यों एवं अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन लेकर कॉलेज को आगे बढ़ाएंगे।
18 अप्रैल को है चुनाव
मेरठ कॉलेज में प्रबंध समिति का चुनाव 18 अप्रैल को होना है। जिसके लिए दो ग्रुप के प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ लगे हुए हैं। प्रतिष्ठा के इस चुनाव में शहर के तमाम दिग्गज कॉलेज में सदस्य हैं। चुनाव में 1422 सदस्य मतदान करेंगे।