मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे -34 रजपुरा पेट्रोल पंप के सामने दौड़ लगाकर लौटे दसवीं कक्षा के छात्र अभिषेक और उसके दो साथियों को कार ने टक्कर मार दी। अभिषेक उछलकर सर्विस रोड पर जाकर गिरा। सिर पर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। घायल दोनों दोस्तों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी मनीष रजपुरा में स्नाइपर डिफेंस एकेडमी की गाड़ी चलाते हैं। वो रजपुरा में ही रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह उनका बेटा अभिषेक (17) पड़ोसी दोस्त आर्यन और उदित के साथ दौड़ लगाकर घर लौट रहा था। रजपुरा पेट्रोल पंप के सामने मवाना की ओर से आई कार ने तीनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अभिषेक उछलकर सर्विस रोड पर जा गिरा।
सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एनएचएआई की एंबुलेंस द्वारा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल आर्यन व उदित को पेट्रोल पंप के बराबर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर गंगानगर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
इकलौते बेटे की मौत से मनीष बेसुध हो गए। उन्हें संजीव पाराशर ने किसी तरह संभाला। उन्होंने बताया कि अभिषेक रजपुरा स्थित सुभाष इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। वहीं, एक छोटी बहन मुस्कान है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि जांच में कार चालक द्वारा टक्कर मारना सामने आया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं, तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
10 सेकेंड में रास्ते पर मुड़ने वाले थे तीनों
हाईवे पर जहां हादसा हुआ, उसे दस कदम की दूरी पर कट है। जहां से रजपुरा गांव की ओर रास्ता कटता है। तीनों कुछ ही सेकेंड बाद उसी कट से मुड़ने वाले थे परंतु उससे पहले ही कार ने टक्कर मार दी। घायल आर्यन और उदित के पिता साइकिल की दुकान चलाते हैं।
ये भी देखें...
यूपी: मेरठ में जलाया सीएम का पोस्टर, सपा अधिवक्ता सभा के 13 कार्यकर्ताओं पर रिपोर्ट, गिरफ्तारी के लिए दबिश