सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि सरधना रोड स्थित आर्क सिटी कॉलोनी निवासी अमित किसी काम से सरधना गए थे। शाम के समय वह काम खत्म कर अपनी टाटा पंच कार से वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान जेवरी कट के पास गली से निकले शराब से भरे कैंटर के चालक ने बिना हॉर्न दिए हाईवे पर चढ़ने का प्रयास किया।
कैंटर को अचानक से सामने देखकर कार सवार ने ब्रेक लगा दिए। इससे कार चालक का स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया। दोनों वाहनों की आपस में भिड़त हो गई। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही देर में कार व कैंटर आग का गोला बन गए। आग की लपटें आसमान छूने लगीं। आसपास के लोग भी पहुंचे। इस दौरान सड़क पर जाम के हालात बन गए। बाद में पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया। सीओ का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया था। आग में कोई हताहत नहीं हुआ है।