गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी में मैच के बाद खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
- गांधी बाग मैदान में खेला गया टी-20 मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गांधी बाग मैदान में खेले गए टी-20 मुकाबले में मेरठ कैंट बोर्ड इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीआईसी 90 टाइगर्स को 19 रन से हराकर कर जीत दर्ज की। मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने बेहतरीन खेल दिखाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ कैंट बोर्ड इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 196 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से इंजमाम ने तूफानी पारी खेलते हुए 65 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके अलावा अमोघ जिंदल ने 32 रन और बंटी कप्तान ने 25 रनों का योगदान दिया जबकि कप्तान सीईओ जाकिर हुसैन ने भी 18 रन जोड़े।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीआईसी 90 टाइगर्स की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 177 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विशाल वर्मा ने 86 रनों की पारी खेली जबकि राहुल चौहान ने 56 रन बनाकर अच्छा साथ निभाया लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। गेंदबाजी में जग्गा भाई ने चार ओवर में मात्र 23 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं, कप्तान जाकिर हुसैन और वर्णित छोकर ने भी 1-1 विकेट लेकर किफायती गेंदबाजी की।