बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र के गांव कैथाला से एक साल पहले चोरी हुए भैंसे तक पीड़ित इंस्टाग्राम के जरिये पहुंच गया। सोमवार को पुलिस को साथ लेकर भैंसा मालिक मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी मनिहार पहुंचा। जिस व्यक्ति के पास भैंसा मिला, उसका कहना है कि वह भैंसा खरीद कर लाया है। फिलहाल पुलिस ने जिस व्यक्ति से भैंसा खरीदा है, उसे आठ दिन में गुलावठी थाना आने के लिए कहा है।
गांव कैथाला निवासी मोहित पुत्र रोहताश ने बताया कि 18 नवंबर 2023 को उसका भैंसा घर से ही चोरी हो गया था। उसने काफी तलाश की, लेकिन भैंसा नहीं मिला। पिछले दिनों इंस्टाग्राम पर ‘झोटा’ ग्रुप पर खेड़ी मनिहार के एक किसान ने भैंसा बेचने का विज्ञापन डाला। भैंसे के फोटो भी डाले गए। मोहित ने इंस्टाग्राम पर फोटो देखकर अपना भैंसा पहचान लिया। मोहित पुलिस को साथ लेकर सोमवार को गांव खेड़ी मनिहार पहुंचे।
वहां पर लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि किसान भैंसे को लेकर मिल में गन्ना डालने गया है। पुलिस ने पीछा कर गांव खेड़ी मनिहार स्थित पेट्रोल पंप पर बुग्गी को पकड़ लिया। व्यक्ति के पास भैंसा मिल गया। किसान ने पुलिस को बताया कि 22 नवंबर 2023 को उसने शामली निवासी भूरा से यह भैंसा खरीदा था।
पुलिस ने भूरा को बुलाने के लिए कहा। इसके बाद भूरा से पुलिस की फोन पर बात कराई। भूरा ने भी भैंसे को खरीदने की बात कही। जिस व्यक्ति के पास भैंसा मिला है, उसे आठ दिन का समय दिया गया है कि वह जिससे भैंसा खरीदा है, उसे लेकर गुलावठी थाने आ जाए। भैंसे को भी साथ ही थाने लेकर आने को कहा है। इसके बाद पुलिस लौट गई।