एसएसपी डा. विपिन ताडा को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि एवी होटल में वेश्यावृति चल रही है। इसके बाद एसएसपी ने एएसपी ब्रह्मपुरी के नेतृत्व में एएचटीयू और टीपी नगर थाने की टीम का गठन किया। टीपी नगर के चौकी प्रभारी को इस कार्रवाई से दूर रखा गया।
गुरुवार को टीम होटल में पहुंची तो अफरातफरी मच गई। पुलिस को देखकर होटल के कमरों में मौजूद युवक-युवतियां भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि मलियाना चौकी इंचार्ज के संरक्षण में होटल में सेक्स रैकेट का धंधा चल रहा था।
पुलिस ने होटल संचालक अर्जुन निवासी कृष्णापुरी को हिरासत में ले लिया। इसके साथ तीन युवती असम और दिल्ली निवासी भी पकड़ी गई। पुलिस ने मौके पर छोटू, जीतू उर्फ जितेंद्र, तरुण, मुकेश, अंकित को हिरासत में लिया है।
इनसे पूछताछ एएचटीयू की टीम कर रही है। पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि वह असम, मिजोरियम, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कई जगह से युवतियों को बुलाता है। ऑनलाइन व्हाट्सएप और मैसेंजर के जरिए युवतियों के फोटो लोगों को भेजकर होटल में कमरा देकर देह व्यापार का काम कराता है। इसने यह होटल किराए पर ले रखा है।
इस होटल का मालिक जोगेंद्र बताया जा रहा है, जिसके बारे में पुलिस जानकारी कर रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि होटल से अश्लील सामग्री भी बरामद की गई है। होटल मालिक समेत ग्राहकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले ग्राहक बनकर गई पुलिस, फिर मारा छापा
एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सादे कपड़ों में होटल के बाहर पुलिसकर्मी को तैनात किया गया। जब युवतियां होटल के अन्दर पहुंची और कुछ युवक आए तो सिपाही को सादे कपड़ों में ग्राहक बनाकर भेजा। उसका सिग्नल मिलते ही टीम ने छापा मारा।
शहर के कई होटलों में चल रहा है देह व्यापार
बताया जा रहा है कि पुलिस के संरक्षण में कई होटलों में देह व्यापार का काम बाहर की युवतियां आकर कर रही हैं। एसपी सिटी ने बताया कि कुछ और होटलों की शिकायत मिली है। वहां भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।