मेरठ के मोदीपुरम में सिवाया टोल प्लाजा पर मंगलवार की दोपहर में भारतीय किसान संगठन एकता के पदाधिकारी पहुंचे और वहां पर टोल को फ्री कर हंगामा कर दिया।
भारतीय किसान संगठन एकता के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नौशाद चौहान अपने कार्यकर्ताओं के साथ दौराला सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे। उनके समर्थकों ने टोल प्लाजा के लोगों के खिलाफ हंगामा करते हुए मेरठ से हरिद्वार जाने वाली लेन नंबर एक को फ्री कर दिया है और सभी हंगामा करते हुए लेन के बीच बैठ गए हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: अब सड़कों की मरम्मत के लिए भी आएगी एंबुलेंस, संकरी गलियों में घर-घर से कूड़ा उठाएंगी रोबोट गाड़ियां
नौशाद चौहान का कहना है कि सोमवार को उनके पार्टी जिला उपाध्यक्ष कमल प्रधान हरिद्वार से मेरठ की तरफ आ रहे थे। टोल प्लाजा के लोगों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए उनका मोबाइल भी छीन लिया और उनसे टोल भी वसूला गया। टोल प्लाजा कर्मी आसपास गांवो के किसानों ओर मजूदरों से टोल वसूली करते हैं और आए दिन उनके साथ गलत व्यवहार करते हैं।
कल उनके पार्टी के उपाध्यक्ष के साथ भी ऐसा हुआ है। इसलिए वह अपनी पार्टी के समर्थकों के साथ आज टोल प्लाजा पर आकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि आसपास के किसानों व मजदूरों और उनके पार्टी के लोगों से टोल से फ्री निकाला जाए।
इस बीच टोल कर्मियों और हंगामा कर रहे भारतीय किसान संगठन एकता के पदाधिकारियों के बीच भी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने बूम भी तोड़ दिए। सूचना मिलते ही दौराला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और समझाने का प्रयास किया।