बवालियों का एक गुट शोभापुर चौराहे पर सक्रिय था। जिसमें करीब दो सौ से ज्यादा युवक लाठी डंडों से लैस थे। कुछ के पास हथियार भी थे। कंकरखेड़ा पुलिस एक स्थान पर उपद्रवियों को रोकती तो दूसरी जगह वे सक्रिय हो जाते थे। कंकरखेड़ा सरधना चौराहा, शिव चौक, अंबेडकर रोड, नंगलाताशी मोड़ पर मुख्य रुप से अराजक तत्व हावी रहे। सरधना रोड चौराहे से शोभापुर चौकी तक बसों और दोपहिया वाहनों में आगजनी की गई।
पथराव के बीच पहुंचे अधिकारी
शिव चौक पर अंबेडकर रोड और शिवलोक पुरी रोड से उपद्रवी पथराव कर रहे थे। जिन्हें कई बार पुलिस ने खदेड़ा। इस बीच उपद्रवियों ने शिव चौक चौकी इंचार्ज के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया। उधर, टुकड़ों में बंटे उपद्रवियों ने पुलिस पर घरों पर चढ़कर पथराव कर दिया। इस बीच कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मंजिल सैनी फोर्स लेकर पहुंचीं। उपद्रवियों को पीएसी जब शिवलोकपुरी रोड से खदेड़ती थी तो अंबेडकर रोड पर पथराव शुरू हो जाता।
तमंचों से की फायरिंग
उपद्रवियों ने तमंचों से पुलिस पर सीधे फायर किए। विरोध करने वाले लोगों पर भी गोलियां चला दीं। जिसमें विपिन पुत्र राजेश निवासी गांव लखवाया, सूरज पुत्र बृजलाल निवासी पूठखास सहित तीन युवक घायल हुए। पुलिस ने उन्हें रीता नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/