देश और विदेश में मेरठ के बल्लों का जलवा, खिलाड़ियों में भी दम
मेरठ। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में यूपी की टीम न होने से प्रशंसक निराश हैं। उनका कहना है कि मेरठ के गेंद और बल्ले की देश और विदेश में धमक है। इसलिए यूपी की टीम भी आईपीएल में शामिल होनी चाहिए। इससे युवा खिलाड़ियों को फायदा होगा। मेरठ में पिछले साल आए पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष राजीव शुक्ला से जब यह सवाल किया तो उन्होंने यूपी के लिए स्पांसर न मिलने का हवाला दिया था।
क्रिकेट कोच अतहर अली का कहना है कि यूपीसीए चाहे तो आईपीएल में यूपी टीम की एंट्री हो सकती है। इससे यूपी के खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी। हालांकि नीलामी में कोई किसी भी टीम से खेल सकता है।
गेम सिटी एरेना स्टेडियम संस्थापक व क्रिकेटर नलिन अग्रवाल ने कहा आईपीएल में सभी बड़े राज्यों की टीमें हैं। यूपी में बड़े खेल कारोबारी हैं, जो करोड़ों रुपये खर्च कर स्टार खिलाड़ियों को स्पांसर करते हैं। क्रिकेट खेल उद्यमियों को इसकी पहल करनी चाहिए।
गांधी बाग एकेडमी कोच तनकीब अख्तर ने कहा मेरठ सहित प्रदेश से 10 से ज्यादा खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं, जो दूसरे राज्यों से खेल रहे हैं, यूपी नाम से टीम होगी तो यहां के खिलाड़ियों को प्राथमिकता जरूर मिलेगी। यूपी में क्रिकेट प्रतिभा की भरमार है।
राधा गोविंद क्रिकेट एकेडमी के कोच अभिषेक रॉय ने बताया कि आईपीएल में यूपी की टीम आए तो मजा आ जाए। युवाओं में आईपीएल के जादू सिर चढ़कर बोलता है। अभी तक दूसरे राज्यों की टीमों को हो सपोर्ट कर ताली बजाते हैं। यूपी में स्पांसर की कमी नहीं है।