एचटी लाइन की चपेट में आने से झुलसा किसान, हंगामा
मोदीनगर। भोजपुर थानांतर्गत पट्टी गांव में शुक्रवार सुबह खेत से चारा लेकर लौट रहा किसान रास्ते में झूल रही हाईटेंशन लाइन की चपेट आने से बुरी तरह झुलस गया। घटना से गुस्सा ग्रामीणों और किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय बिजलीघर पर हंगामा किया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भोजपुर थाने पर भी ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। यहां सुनवाई न होने पर ग्रामीण तहसील मुख्यालय पर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठ गए। किसानों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
पट्ठी गांव निवासी किसान कृष्ण का 25 वर्षीय पुत्र सचिन शुक्रवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। बताया गया कि इसी बीच रास्ते में झूल रहे हाईटेशन लाइन की चपेट आने से सचिन बुरी तरह झुलस गया। दुघर्टना से गुस्साए ग्रामीणों ने घटना के विरोध में स्थानीय बिजलीघर और थाने में हंगामा किया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीण तहसील पहुंचे जहां पहले से आंदोलन कर रहे सैकड़ों किसान उनके साथ एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। तहसीलदार उमाकांत तिवारी धरने पर बैठे किसानों और ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों का आरोप था कि काफी समय से हाईटेंशन लाइन के जर्जर तार बीच रास्ते में झूल रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी इन तारों को ठीक नहीं कराया गया। इसके चलते सचिन के साथ यह घटना हुई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, भोजपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सचिन के परिजनों की शिकायत पर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, एसडीओ देहात अरशद अली और जेई प्रताप कुमार के विरुद्ध लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।