फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ बंद का असर: बारिश में भी डटे व्यापारी, छतरी लगाकर दिया धरना; सूरजकुंड समेत कई बाजार बंद

Wed, 02 Sep 2026 12:31 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

आवास विकास परिषद की सैटबैक कार्रवाई के विरोध में मेरठ बंद का असर कई बाजारों में दिखा। बारिश के बावजूद व्यापारी गुरुद्वारा रोड पर छतरी लगाकर धरने पर बैठे रहे, जबकि शास्त्री नगर, जागृति विहार और सूरजकुंड मार्केट में अधिकांश दुकानें बंद रहीं।
विज्ञापन
सेंट्रल मार्केट को लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शास्त्री नगर में ध्वस्तीकरण और आवास विकास परिषद की सैटबैक कार्रवाई के विरोध में संयुक्त मेरठ बचाओ समिति की ओर से बुधवार को मेरठ बंद का आह्वान किया गया। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में व्यापारी आंदोलन में शामिल होने के लिए गुरुद्वारा रोड पहुंचे। यहां डॉ. अशोक गर्ग के क्लीनिक के बाहर व्यापारियों ने छतरी लगाकर धरना शुरू कर दिया।

विज्ञापन


बारिश में भी व्यापारी सड़कों पर उतरे
सुबह से बारिश होने के बावजूद व्यापारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। शास्त्री नगर के कुछ व्यापारी सड़कों पर निकले और अन्य व्यापारियों से मेरठ बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। अलग-अलग रास्तों से व्यापारी धीरे-धीरे गुटों में धरना स्थल तक पहुंचते रहे।

सेंट्रल मार्केट को लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
ट्रैक्टर पर गाने बजाने पर पुलिस ने जताया एतराज
धरना स्थल पर एक ट्रैक्टर पर ‘अंधा कानून’ के गाने बजाए जाने लगे। पुलिस ने इस पर एतराज जताया, जिसके बाद ट्रैक्टर को हटा दिया गया। इसके बाद कुछ व्यापारी ट्रैक्टर पर बैठकर बाजार की ओर निकल गए।

आवास विकास परिषद और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी
संयुक्त मेरठ बचाओ समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर के नेतृत्व में व्यापारियों ने आवास विकास परिषद और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारी कार्रवाई का विरोध जताते हुए बंद और धरना जारी रखे हुए हैं।

IMA, बार और नर्सिंग होम एसोसिएशन का समर्थन
मेरठ बंद को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, मेरठ बार एसोसिएशन और नर्सिंग होम एसोसिएशन समेत कई संगठनों का समर्थन मिला है। इससे आंदोलन का दायरा और बढ़ा है।

गुरुद्वारा तेग बहादुर साहिब में जुटी संगत, लंगर की तैयारी
धरना स्थल के पास गुरुद्वारा तेग बहादुर साहिब में भी काफी संख्या में संगत पहुंची। यहां लंगर की व्यवस्था के लिए तैयारियां शुरू कर दी गईं।
विज्ञापन

सेंट्रल मार्केट को लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
शास्त्री नगर और जागृति विहार के बाजार बंद
बुधवार को शास्त्री नगर और जागृति विहार के बाजार बंद रहे। दुकानों के शटर गिरे रहे और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। व्यापारियों ने बंद को समर्थन देते हुए आवास विकास परिषद की कार्रवाई का विरोध जताया।

सूरजकुंड मार्केट में भी पसरा सन्नाटा
मेरठ बंद का असर सूरजकुंड मार्केट में भी देखने को मिला। यहां अधिकांश दुकानें बंद रहीं और बाजार में सामान्य व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह थमी नजर आईं। दुकानों के शटर बंद रहने से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने कार्रवाई के विरोध में बंद को समर्थन दिया और इसे सफल बनाने का प्रयास किया।

रात में टेंट हटवाया, सुबह छतरी लगाकर बैठे व्यापारी
व्यापारियों ने मंगलवार रात धरने के लिए टेंट लगाया था। पुलिस ने टेंट के तमाम कपड़े हटवा दिए थे। इसके बाद बुधवार को बारिश के बीच व्यापारी छतरी लगाकर ही धरने पर बैठ गए।

भारी पुलिस बल तैनात
मेरठ बंद और धरने को देखते हुए गुरुद्वारा रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस बाजारों और प्रमुख स्थानों पर नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें