दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कैंटर को रोक लिया। उसमें 60 भैंस ठसाठस भरी हुई थीं, जिन्हें बाहर निकाला तो 25 भैंसों की गर्मी और दम घुटने से मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद हाईवे पर जमकर हंगामा हुआ और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़कर कैंटर को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, दौराला थाना क्षेत्र के रूहासा निवासी पप्पू मुजफ्फरनगर मंडी से भैंस खरीदकर दिल्ली ले जा रहा था। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कैलाशी अस्पताल के सामने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इन कैंटरों को रोका। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भैंसों को अवैध रूप से काटा जाना था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंटर चालकों के साथ बहस की और कैंटरों में तोड़फोड़ भी की।
हंगामा बढ़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैंटर चालकों, महताब और इमरान को हिरासत में ले लिया और दोनों कैंटरों को खिर्वा रोड की ओर ले आई। कैंटर चालकों के थाने ले जाने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके से चले गए। पुलिस ने आसपास के गांवों से मजदूरों को बुलाकर कैंटरों से भैंसों को बाहर निकाला। इसी दौरान यह सामने आया कि कैंटरों में सवार लगभग 25 भैंसों की गर्मी और दम घुटने के कारण मौत हो चुकी थी।
जानकारी देने पर पशु चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे और मृत भैंसों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक (सिटी) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।