आजाद समाज पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत 45 विधानसभा सीटों के प्रभारियों की सूची जारी की है। मेरठ की तीन सीटों पर भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने उत्तर प्रदेश की 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद की ओर से जारी सूची में मेरठ की तीन विधानसभा सीटों पर भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
विज्ञापन
किठौर से बाबर खरदौनी, शहर से बदर अली को मिली जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार, किठौर विधानसभा के लिए हाल ही में समाजवादी पार्टी छोड़कर आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए बाबर खरदौनी को विधानसभा प्रभारी बनाया गया है। राजनीतिक हलकों में बाबर खरदौनी को किठौर क्षेत्र में प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। इसके अलावा मेरठ शहर विधानसभा के लिए बदर अली और मेरठ कैंट विधानसभा के लिए संजीव पाल को विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आसपास के जिलों में भी घोषित हुए प्रभारी
मेरठ के अलावा आसपास के जिलों की कई विधानसभा सीटों पर भी संगठन ने जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें शामली की थाना भवन विधानसभा से मोहम्मद राव, मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा से चौधरी रंजनवीर और हापुड़ (सुरक्षित) विधानसभा से वीरेंद्र शिरीष को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
चुनावी तैयारियां तेज करने के निर्देश
पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त विधानसभा प्रभारियों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आजाद समाज पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेशभर में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।