- 21 से चेन्नई में होने वाली प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ की ऊंची कूद की खिलाड़ी रीत राठौर 21 अगस्त से चेन्नई में होने वाली इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर मेरठ का नाम रोशन करेंगी। प्रतियोगिता में वह ऊंची कूद में प्रतिभाग करेंगी।रीत पिछले कई साल से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी से प्रशिक्षण ले रही हैं।
हाल ही में प्रयागराज में आयोजित 23वीं जूनियर अंडर 20 एथलेटिक चैंपियनशिप में ऊंची कूद में मीट रिकॉर्ड भी उनके नाम है। रीत ने ऊंची कूद में 1.81 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने प्रतियोगिता के 2019 के 1.78 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाया था। वह यहां मेरठ के फूलबाग कालानी में अपनी बहन ऊंची कूद की खिलाड़ी तान्या के साथ रहकर तैयारी कर रही हैं। दोनों बहन पिछले पांच साल से यहां किराए पर रहकर तैयारी करती हैं। उनके पिता सत्यवीर पटियाला में कपड़ों का व्यापार करते हैं।
रीत मूल रूप से खतौली की रहने वाली हैं। इससे पहले 2022 में भोपाल में हुई खेलों इंडिया की प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकी हैं। 2024 में झारखंड में हुए स्कूल नरेशल गेम्स में उन्होंने 1.68 मीटर ऊंची कूद के साथ स्वर्ण पदक जीता था। बरेली में हुई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने 1.76 मीटर ऊंची छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और रिकॉर्ड बनाया था। रीत ने यहां कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कच्चे ट्रैक पर तैयारी की और सिंथेटिक ट्रैक के लिए दिल्ली जाकर सेशन लेती थीं। सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करने और कोच गौरव त्यागी की तैयारी से ही वह यहां तक पहुंची। गौरव ने बताया कि रीत अक्तूबर में भुवनेश्वर में होने वाले जूनियर नेशनल खेलों में प्रतिभाग करेंगी। वहां भी वह पदक लेकर आएंगी। यहां कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में ऊंची कूद की कई खिलाड़ी हैं जो लगातार तैयारी कर रहीं उनसे भी उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में पदक की उम्मीद है।