Meerut News : एंटी करप्शन टीम ने नगर निगम के राजस्व निरीक्षक को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। फिलहाल पूछताछ की जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में एंटी करप्शन टीम ने नगर निगम के राजस्व निरीक्षक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद टीम ने आरोपी को गंगानगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस राजस्व निरीक्षक से पूछताछ करने में जुटी है।
विज्ञापन
गंगानगर निवासी नवल सिंह राघव नगर निगम में राजस्व निरीक्षक पद पर हैं। वह गंगानगर ऑफिस पर तैनात है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह रुपये की मांग कर उन्हें काफी समय से परेशान कर रहे थे। जिस पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।
वहीं अधिकारियों ने शनिवार सुबह केमिकल लगे नोट लेकर पीड़ित को राजस्व अधिकारी को देने के लिए भेजा। जैसे ही राजस्व निरीक्षक नवल सिंह ने रिश्वत के रूप में वो पांच हज़ार रुपये लिए। तभी मौके पर टीम पहुंच गई। टीम ने राजस्व निरीक्षक नवल सिंह को रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया गया कि एंटी करप्शन टीम के अधिकारी दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। घटना के बाद टीम आरोपी को गंगानगर थाने ले आई। यहां पुलिस व अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। वहीं पूछताछ के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।