मेरठ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रही प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को मेरठ और आजमगढ़ मंडल की टीमें फाइनल में पहुंच गईं। सोमवार को दोनों टीमों की भिड़ंत कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होगी।
पहला सेमीफाइनल मैच मेरठ और झांसी के बीच आईटीआई मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर मेरठ की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 189 रन बनाए। अरमान ने 52, शिवम ने 56 रनों की पारी खेली। झांसी के गेंदबाज सचिन, हर्षित, तनिष्क और आकाश को विकेट मिले। झांसी की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट पर 134 रन ही बना सकी। इसमें तनिष्क ने 50 और सक्षम ने 47 रन बनाए। मेरठ के गेंदबाज शिवम और सत्यम ने दो-दो विकेट झटके। मेरठ मंडल ने 55 रनों से जीत दर्ज की।
वहीं दूसरा मैच आजमगढ़ और बरेली के बीच भामाशाह पार्क में हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए आजमगढ़ की टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 131 रन बनाए। धर्मेंद्र ने 65 रनों की पारी खेली। बरेली के गेंदबाज दिलशाद और अनंत ने एक-एक विकेट झटका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरेली की टीम 20 ओवरों में सात विकेट पर 120 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में आजमगढ़ की ओर से मुदित ने तीन और लोकेश ने दो विकेट चटकाए। आजमगढ़ ने 11 रनों से मैच जीता।
इसके पूर्व भामाशाह पार्क में आयोजित मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने किया। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर ने सांसद का स्वागत किया। हर्ष गोयल, क्रीड़ा भारती प्रदेश मंत्री संदीप त्यागी, कपिल त्यागी, उपक्रीड़ाधिकारी लक्ष्यराज त्यागी, रेखा रावत, भूपेंद्र सिंह यादव, जयप्रकाश यादव, क्रिकेट कोच सुनील यादव आदि मौजूद रहे।
अंपायर के गाली देने पर विवाद
आईटीआई मैदान पर खेले जा रहे मेरठ व झांसी के बीच मुकाबले में अंपायर ने एक खिलाड़ी को गाली दे दी। कोच अतहर अली के समझाने पर मामला शांत हुआ। कोच ने मामले की शिकायत खेल निदेशक उप्र से की है।