अंदावली गांव में सोमवार देर रात एक युवक की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मंगलवार को शव बरामद होने के बाद पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
गांव निवासी दीपू (28) पुत्र ब्रजेश सोमवार देर रात गांव के श्मशान घाट के पास स्थित जोहड़ के निकट पहुंचा था। बताया गया कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह जोहड़ में जा गिरा। उसकी बाइक और चप्पल वहीं पड़े मिले, जिस पर ग्रामीणों और परिजनों ने डूबने की आशंका व्यक्त करते हुए तलाश की। लेकिन रात में उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद जोहड़ से दीपू का शव बरामद किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। उसकी पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दीपू शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत जोहड़ में डूबने से हुई है। मृतक शराब पीने का आदी था। संभवत: नशे में पैर फिसल गया।