मेरठ। कोरोना टीकाकरण में मेरठ जिला फिर फिसड्डी रहा। मेरठ सहारनपुर मंडल के 10 जिलों में मेरठ 9वें नंबर पर और प्रदेश में 61वें स्थान पर रहा। मुजफ्फरनगर और सहारनपुर का प्रतिशत भी बेहतर रहा।
शुक्रवार को फ्रंटलाइन वर्कर जैसे पुलिस प्रशासनिक अधिकारी, रेवेन्यू डिपार्टमेंट और नगर निगम से जुड़े कर्मचारी व अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों को भी टीकाकरण हुआ। मेरठ और सहारनपुर मंडल टीकाकरण पिछली कई बार से पीछे था। इस बार 80.07 प्रतिशत टीकाकरण के साथ मुजफ्फरनगर प्रदेश में 14वें और सहारनपुर 77.80 प्रतिशत के साथ 20वें नंबर पर रहा। इससे पिछली बार पहले फेज के पांचवें चरण में इन दोनों मंडल का कोई भी जिला प्रदेश के 75 जिलों में टॉप 20 में शामिल नहीं हो सका था।
इस बार भी मेरठ पीछे रहा। 59.73 प्रतिशत से 61वें स्थान पर है। इससे ऊपर 73.57 प्रतिशत बिजनौर 33वें नंबर पर, 82.67 प्रतिशत के साथ 29वें, 70.36 प्रतिशत के साथ बुलंदशहर 44वें नंबर पर रहा। 70.03 प्रतिशत टीकाकरण के साथ बागपत 46वें, 65.30 प्रतिशत टीकाकरण शामली 53वें, 63.74 प्रतिशत टीकाकरण से गाजियाबाद 56वें स्थान पर रहा। 61.39 प्रतिशत टीकाकरण से हापुड़ 61वें और 49.73 प्रतिशत टीकाकरण से गौतमबुद्धनगर 69वें स्थान पर रहा।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान का कहना है कि पूरी कोशिश है कि टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाया जाए। लाभार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि जिन जिलों में टीकाकरण प्रतिशत के हिसाब से ज्यादा हुआ है, उन जिलों में लाभार्थियों की संख्या कम रही है।