राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के वांटेड नईम निवासी राधना किठौर ने गुरुवार शाम पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस ने एनआईए के साथ संयुक्त कार्रवाई में नईम को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक नईम ने कई राज खोले हैं, जिन पर गोपनीय तरीके से जांच की जा रही है। देर रात नईम को एनआईए की टीम मेरठ से दिल्ली ले गई।
26 दिसंबर को एनआईए और एटीएस की संयुक्त टीम ने दस संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया था, जोकि नववर्ष पर आतंकी वारदात करने की साजिश रच रहे थे। इन संदिग्ध लोगों के तार आईएस एजेंटों से जुड़े थे। पूछताछ में इन संदिग्धों ने बताया कि आईएसआई और आईएस एजेंटों की जडे़ं मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर समेत कई जिलों में फैली हैं। पुलिस ने हापुड़ के सिंधावली के वैठ गांव से सारिक को पकड़ा था। जिसने बताया कि उसका एक रिश्तेदार नईम निवासी राधना किठौर है। जिससे पिस्टल लेकर आईएस एजेंट को दी थी।