फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी दिवाली पर नहीं सजाएंगे आबूलेन बाजार, लगेंगे काले झंडे

Wed, 28 Oct 2015 01:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
आबूलेन पर वॉकिंग प्लाजा के विरोध में व्यापारी एकजुट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार बाजार को नहीं सजाया जाएगा, विरोध स्वरूप दुकानों के बाहर काले झंडे लगाए जाएंगे। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को कैंट बोर्ड सीईओ से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। कैंट बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल सुनील यादव के निर्देश पर 24 अक्तूबर से आबूलेन को शाम 5 से 9 बजे तक वॉकिंग प्लाजा घोषित किया गया है।
विज्ञापन


हालांकि उन्होंने यह नियम दीपावली तक ही लागू किया है। शाम को कैंट बोर्ड की टीम किसी भी वाहन को बाजार में एंट्री नहीं देती है। दास आटोमोबाइल से लेकर बेगमपुल तक ग्राहकों को वाहन पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर पैदल ही बाजार में आना पड़ता है। इससे ग्राहकों की संख्या बाजार में घट गई है।

मंगलवार को इसके विरोध में व्यापारी एकजुट हो गए। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने एक होटल में बैठक की, जिसमें व्यापारियों ने एक स्वर में वॉकिंग प्लाजा का विरोध किया। अध्यक्ष ने कहा कि अभी चार घंटे है, कुछ दिन बाद कैंट बोर्ड आबूलेन को पूरे दिन के लिए वॉकिंग प्लाजा बना देगा।
विज्ञापन


इससे कारोबार पूरी तरह चौपट हो जाएगा। आबूलेन व्यापार संघ अध्यक्ष सरदार नरेंद्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने तय किया कि वॉकिंग प्लाजा का नियम नहीं हटाया तो दीपावली पर आबूलेन बाजार नहीं सजाया जाएगा। बैठक में गौरव शर्मा, राजबीर सिंह, कांग्रेस नेता रमेश धींगरा, सुरेश, गौरव सेठ, निखिल, शमी, मनमोहन बत्रा आदि मौजूद रहे।

सीईओ बोले- निकालेंगे हल
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल दोपहर बाद सीईओ राजीव श्रीवास्तव से मिला। अध्यक्ष ने सीईओ के सामने आबूलेन को वॉकिंग प्लाजा बनाने का विरोध व्यक्त किया। व्यापारियों की बात सुनकर सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने उन्हें आश्वासन दिया कि बुधवार को वह सब एरिया में व्यापारियों की बैठक आला अधिकारियों से करा देंगे, नहीं तो उनकी मांगें जीओसी तक पहुंचाकर समस्या का समाधान कराएंगे।

...तो बदल जाएगा आबूलेन का इतिहास
पश्चिम उत्तर प्रदेश के कनाट प्लेस कहे जाने वाले आबूलेन का इस दीपावली इतिहास बदल सकता है। आबूलेन पर वॉकिंग प्लाजा के विरोध में व्यापारी बाजार को सजाने के मूड में नहीं हैं। आबूलेन का करीब 50 साल पुराना इतिहास है। हर दीपावली बाजार को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। यह सजावट तीन दिन चलती है। इसका सारा खर्च बाजार की एसोसिएशन उठाती है। धनतेरस, छोटी दीपावली और मुख्य दीपावली पर बाजार देखते ही बनता है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें