मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर में सोमवार सुबह 15 वर्षीय किशोर अमित कुमार की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी बॉबी और एक अन्य किशोर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे से तीनों को निकाला।
बहराइच के रहने वाले अमरीश ने बताया कि वह और उनके बड़े भाई बाबूलाल मंगलपांडे नगर के पास सड़क किनारे करीब 20 वर्षों से झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं और कूड़ा बीनकर अपना गुजारा करते हैं। अमित के पिता बाबूलाल और उनकी पत्नी मीना कुमारी अपने पैतृक गांव गए हुए थे। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अमित अपने दो साथियों के साथ झोपड़ी से लगभग 50 मीटर दूर शौच के लिए गया था। वे तीनों एक पुरानी जर्जर दीवार के पास बैठे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर उन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और ईंट-पत्थर हटाकर किशोरों को बाहर निकाला।
अस्पताल में घोषित किया गया मृत
सूचना पाकर मेडिकल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बॉबी के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई है जबकि तीसरे किशोर को मामूली चोटें आई हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के समय झोपड़ी पर केवल अमित की दादी मौजूद थीं। चाचा अमरीश ने फोन पर बहराइच गए भाई बाबूलाल और भाभी मीना कुमारी को हादसे की दुखद जानकारी दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन अमित का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए बहराइच रवाना हो गए।