कैंट विधानसभा क्षेत्र की नई मतदाता सूची पर सपाइयों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सपा के कैंट विधानसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश महामना (ओमी भाई खटीक) ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर वोटर लिस्ट में भारी धांधली का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हाल ही में जारी हुई सूची में लगभग 4500 फर्जी या दोहरे वोट शामिल हैं।
सपा नेता ओमप्रकाश महामना और रविंद्र प्रेमी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब नई वोटर लिस्ट का अवलोकन किया गया तो उसमें भारी खामियां मिलीं। आरोप है कि एक ही व्यक्ति के नाम पर 6 से 7 वोट तक दर्ज किए गए हैं। ये फर्जी वोट या तो एक ही बूथ पर मौजूद हैं या फिर अलग-अलग बूथों पर दर्ज कर दिए गए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि एसआईआर प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य ही फर्जी वोटों को काटना था लेकिन इस तरह की गड़बड़ियों से साफ है कि यह काम सही तरीके से नहीं किया गया। इससे पूरी प्रक्रिया की प्रामाणिकता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग रहा है। साथ ही उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
कहा कि विभिन्न बूथों पर बीएलओ को जो फॉर्म-6 भरकर दिए गए थे, उन पर उनके द्वारा कोई काम नहीं किया गया है। सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने और उचित दिशा-निर्देश जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य चुनाव आयुक्त और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी भेजी गई है।