गोकुलधाम सोसाइटी निवासी खुशी उर्फ खुशबू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता और सौतेली मां का कहना है कि खुशी के पेट में दर्द हुआ था। वहीं मामा ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में रहने वाली 12वीं की छात्रा खुशी उर्फ खुशबू की मंगलवार सुबह मौत हो गई। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे हापुड़ निवासी ननिहाल पक्ष ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि छात्रा की सौतेली मां और पिता ने उसकी हत्या कर किसी को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छात्रा के घर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
हापुड़ के पन्नापुरी निवासी भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि परिजनों ने उनकी बहन प्रीति का विवाह वर्ष 2009 में कपिल से किया था। 2017 में प्रीति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उस दौरान दंपती के एक बेटी खुशबू और बेटा राधे थे। छह माह बाद ही उनके बहनोई ने दूसरा विवाह कर लिया था। उनके बहनोई और दूसरी पत्नी गोकुलधाम सोसाइटी में रह रहे थे। उनकी भांजी खुशी और भांजा राधे भी उनके साथ रह रहे थे।
दोपहर तीन बजे उन्हें किसी पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनकी भांजी की मौत हो गई है। भूपेंद्र शर्मा व उनके परिजन यहां पहुंचे। उन्हें पता चला कि सूचना दिए बिना ही खुशी का बृजघाट में अंतिम संस्कार कर दिया है। कपिल का कहना था कि पेट में दर्द होने से खुशी की मौत हुई है। इस पर भूपेंद्र व उनके परिजन ने सौतेली मां और कपिल पर खुशी की हत्या करने का आरोप लगाया। इस पर आरोपियों ने ननिहाल पक्ष के लोगों से मारपीट की। भूपेंद्र शर्मा ने सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने कपिल को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मामा से कह दो, मुझे ले जाएं, ये मुझे मार देंगे
भूपेंद्र शर्मा का कहना है कि चार साल पहले कपिल की दूसरी पत्नी से बेटी पैदा हुई थी। इसके बाद उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया था। खुशी ने कई बार उनके परिजनों को कॉल कर कहा था कि मामा से कह दो कि वह मुझे यहां से ले जाएं, ये लोग मुझे मार देंगे। मैं ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च चला लूंगी।
बहन को भी मारने लगाया आरोप
ननिहाल पक्ष के लोगों का कहना है कि 2017 में जब प्रीति की मौत हुई थी, तब कपिल और उसके परिजन का कहना था कि उसकी बेड से गिरकर मौत हो गई। अब उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीति की भी हत्या की गई थी लेकिन खुशी और राधे के भविष्य को देखते हुए उन्होंने आरोपी पर कानूनी कार्रवाई नहीं की थी। आरोपी के पिता शास्त्रीनगर के सेक्टर-3 स्थित घर में रहते हैं।
ये बोले सीओ
इस मामले में थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। टीम ने गोकुल धाम जाकर साक्ष्य जुटाए हैं। तहरीर और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - सुधीर सिंह, सीओ सदर देहात