सपा ने सुम्बुल राणा पर चला दांव
मीरापुर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने सुम्बुल राणा पर दांव खेला है। सपा प्रत्याशी सुम्बुल राणा ने आज नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट के साथ राना नामांकन करने पहुंचीं। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद कादिर राणा की पुत्रवधू को टिकट दिया है। सुम्बुल राणा बसपा नेता मुनकाद अली की बेटी हैं।
लखनऊ में सपा से टिकट के लिए 25 दावेदारों ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव को अपना-अपना गणित समझाया था। पूर्व सांसद कादिर राणा अपने बेटे शाह मोहम्मद को लेकर टिकट दिलाने गए थे। लेकिन एन वक्त पर शाह मोहम्मद के बजाए उनकी पत्नी सुम्बुल राणा को टिकट मिला।
बसपा से प्रत्याशी शाह नजर मैदान में, आज किया नामांकन
वहीं बहुजन समाज पार्टी यानी बसपा से प्रत्याशी शाह नजर भी आज अपना नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ लोकसभा चुनाव लड़ चुके दारा सिंह प्रजापति भी माैजूद रहे।
महिला प्रत्याशी होंगी आमने-सामने
मीरापुर उपचुनाव के लिए रालोद ने पूर्व विधायक और वर्तमान में भाजपा नेता मिथलेश पाल को टिकट दिया है। कहा जा रहा है कि अति पिछड़ा वर्ग को साधने के लिए रालोद ने ये दांव चला है। मिथलेश पाल साल 2009 के उपचुनाव में मोरना से नूरसलीम राना को हराकर विधायक चुनी गईं थीं। इसके बाद से उन्हें किसी चुनाव में जीत नहीं मिली। तीन साल पहले वह भाजपा में शामिल हो गईं थीं लेकिन 2022 में उन्हें टिकट नहीं मिला। सपा के बाद अब भाजपा-रालोद गठबंधन ने भी महिला प्रत्याशी को ही मैदान में उतारा है।