कबाड़ी बाजार स्थित रेड लाइट एरिया से करीब 10 दिन पूर्व रेस्क्यू कराई गईं 10 लड़कियों में तीन मेडिकल परीक्षण में नाबालिग निकली हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि इन्हें राजस्थान से अपहरण कर कोठे पर बेचा गया था।
विवेचक सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार के अनुसार मेडिकल परीक्षण में तीन लड़कियों की उम्र 18 साल से कम बताई गई गई, जबकि अन्य सात लड़की बालिग मिली। इनमें नौ लड़कियां धौलपुर राजस्थान और एक भीलवाड़ा क्षेत्र की रहने वाली है। सभी लड़कियां नारी निकेतन में हैं। सीओ ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद मौके से पकड़े गए पांच आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं आरोपियों पर पहली बार धारा 372 आईपीसी (वेश्यावृति आदि के प्रयोजन के लिए बेचना) और 373 आईपीसी (वेश्यावृति आदि के प्रयोजन के लिए खरीदना) के तहत कार्रवाई की गई है। कोर्ट के आदेश पर इन लड़कियों को रिलीव किया जाएगा।
दिल्ली में बेचा, मेरठ लाए
सीओ के अनुसार पुलिस टीम ने राजस्थान जाकर इन लड़कियों के परिजनों की जांच की। सामने आया कि इन लड़कियों को राजस्थान से अपहरण कर दिल्ली में बेचा गया था। उसके बाद मेरठ के कबाड़ी बाजार रेड लाइट एरिया में लाया गया। जहां इन कोठे पर बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस कोठा संचालिका से पूछताछ कर बेचने और खरीदने वालों की भी तलाश कर रही है।
सीएमओ के भी बयान दर्ज:
सीओ ने बताया कि अभी तक आरोपी मेडिकल परीक्षण में लड़कियों के बालिग होने का फायदा उठाकर जमानत पा लेेते थे। लेकिन पहली बार आरोपियों पर गंभीर धारा लगी हैं। इस मामले में डॉक्टरों के अलावा सीमएओ के भी बयान दर्ज किए गए हैं।