फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेडिकल स्टोर संचालक के घर डाका

Sun, 30 Oct 2016 02:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरों
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रीतनगर में शनिवार को दिनदहाड़े मेडिकल स्टोर संचालक के घर हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डाल दी। बदमाश घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर करीब एक लाख रुपये नकद, करीब तीन लाख के जेवरात, तीन मोबाइल फोन और एक टैबलेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
विज्ञापन

प्रीतनगर निवासी श्रीराम मलिक का सुभाष चौक पर मलिक मेडिकल स्टोर है। उनका बेटा रवि शनिवार सुबह  मेडिकल स्टोर गया था, जबकि श्रीराम मलिक किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में रवि की पत्नी शालिनी, पुत्र कृष्णा (10), पुत्री वंशिका और सौम्या थे। दोपहर करीब 12 बजे कुछ युवक उनके घर पहुंचे और डोर बेल बजाई। कृष्णा गेट पर पहुंचा तो युवकों ने कहा कि वे दीपावली पर मिठाई देने आए हैं। कृष्णा ने जैसे ही गेट खोला तो चार बदमाश घर में घुस गए और उसके सिर से पिस्टल सटाकर अंदर ले गए। परिवार के अन्य सदस्यों को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी और सभी को एक कमरे में बंद कर उनके मोबाइल ले लिए। इस दौरान वहां मौजूद एक इलेक्ट्रिशियन और प्रेस के लिए कपड़े लेने आई महिला को भी बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी के ताले तोड़कर लगभग एक लाख रुपये और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात ले लिए। साथ ही महिलाओं से भी गहने उतरवा लिए। बदमाशों ने करीब ढाई घंटे तक घर खंगाला और फरार हो गए। करीब आधा घंटे बाद पड़ोस में रहने वाले कृष्णा के दोस्त ने दरवाजा खोलने को कहा तो परिजनों को विश्वास हो गया कि बदमाश चले गए हैं। इस पर उन्होंने बंधनमुक्त होकर किसी तरह रवि को वारदात की जानकारी दी। सूचना पर सीओ और कार्यवाहक थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। वहीं सीओ अंकित मित्तल का कहना है कि बदमाश एक लाख रुपये नगद तथा तीन लाख के जेवरात ले गए हैं। उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल फोन की लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है।

35 से 40 वर्ष के थे बदमाश
पीड़ितों ने बताया कि तीन बदमाशों की उम्र 35 से 40 वर्ष के आसपास थी। वहीं, एक युवक करीब 20-21 वर्ष का था। बोलचाल से बदमाश स्थानीय ही लग रहे थे। पुलिस के अनुसार वारदात में कोई करीबी भी शामिल हो सकता है। रेकी के बाद ही घटना को अंजाम दिया गया है।
विज्ञापन


विरोध करने पर मारपीट की
घर खंगालने के दौरान बदमाश गालियां दे रहे थे। वंशिका ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसके साथ मारपीट की। इसके अलावा प्रेस के कपड़े लेने आई महिला को भी पीटा। वहीं, बदमाश जाते समय कहकर गए थे कि वेमोबाइल बाहर फेंक देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें