मेरठ। मेडिकल का कोविड अस्पताल औचक निरीक्षण में पास हो गया। बृहस्पतिवार को नोडल अधिकारी और डीएम के निर्देशन में कोविड वार्ड की व्यवस्थाओं को परखा गया। उन्होंने पीपीई किट पहनाकर स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. पीपी सिंह को कोविड वार्ड के अंदर भेजा। डॉ. पीपी सिंह ने आईसीयू कोविड वार्ड में जाकर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रोत्साहित किया।
आईसीयू कोविड वार्ड में कुल 17 मरीज भर्ती मिले। इनमें 11 मरीज मेरठ के व 6 मरीज अन्य जनपदों के भर्ती हैं। कोई भी मरीज वेंटिलेटर पर नहीं मिला। वार्ड में एक कंसलटेंट चिकित्सक, एक सीनियर रेजिडेंट, तीन स्टाफ नर्स, दो वार्ड व्वाय और दो स्वीपर मिले। वार्ड में भर्ती मरीजों से डॉ. सिंह ने बात भी की। मरीजों ने इलाज एवं खानपान व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। शौचालयों की सफाई व्यवस्था को भी देखा। भविष्य में नियमित रूप से सफाई के निर्देश दिए। वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पंखे चलते मिले। बिस्तर पर गुलाबी रंग की चादर बिछी मिली। डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि आगे भी कोविड वार्ड के औचक निरीक्षण के लिए अधिकारियों को भेजा जाएगा।